मुंबई, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. किरीट सोमैया ने बुधवार को मुलुंड स्थित नवघर पुलिस स्टेशन में मुंबई पुलिस के विरुद्ध उन्हें अनायास परेशान करने का मामला दर्ज करवाया है। सोमैया ने कहा कि अगर मुंबई पुलिस ने दो दिनों में माफी नहीं मांगी तो इसे लेकर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
डॉ. सोमैया ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि रविवार को वे ग्रामीण विकास मंत्री हसन मुश्रीफ के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करवाने के लिए कोल्हापुर जा रहे थे। अचानक कोल्हापुर के जिलाधिकारी ने नोटिस भेजकर उन्हें कोल्हापुर में प्रवेश पर पाबंदी की सूचना दी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने उनके घर पर जाकर उन्हें 4 घंटे तक घर से निकलने नहीं दिया। इसके बाद जब वे मुंबई सीएसएमटी स्टेशन पर कोल्हापुर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने जा रहे थे, उस समय भी मुंबई पुलिस ने उन्हें परेशान किया था। इसके बाद सातारा जिले के कराड़ स्टेशन पर पुलिस ने उन्हें ट्रेन से उतार लिया था और वापस मुंबई भेज दिया था। डॉ. सोमैया ने बताया कि मुंबई पुलिस की इस कार्रवाई से उन्हें काफी दिक्कत हुई है। इसलिए मुंबई पुलिस को तत्काल माफी मांगनी चाहिए। सोमैया ने कहा कि उन्होंने कोल्हापुर के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर उन्हें कोल्हापुर आने का समय देने की भी मांग की है।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
