उज्जैन,उज्जैन में आयोजित हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अन्तर्गत 18 वर्ष के आयु समूह में मध्य प्रदेश की बालिकाओं ने आर्टिस्टिक पेयर योगासन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। योगासन में यह मध्य प्रदेश का पहला स्वर्ण पदक है। शुक्रवार को आयोजित प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की बालिकाओं ने दूसरे स्थान पर रहकर रजत पदक प्राप्त किया। महाराष्ट्र की ही बालिकाओं को कांस्य पदक मिला। मुख्य समारोह में विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किये गये।
18 वर्ष की आयु समूह में मध्य प्रदेश के जबलपुर की कु.रिया एवं कु.निशिथा गोडबोले ने स्कोर 124.22 का स्कोर प्राप्त कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। महाराष्ट्र की कु.वैदेही रूपेश मयंकर तथा प्रांजल सोमनाथ ने 122.65 का स्कोर प्राप्त कर रजत पदक जीता। महाराष्ट्र की ही तन्वी भूषण एवं रूद्राक्षी भावे ने 122.18 का स्कोर प्राप्त कर कांस्य पदक जीता।
18 वर्ष आयु समूह के आर्टिस्टिक पेयर योगासन प्रतियोगिता में बालक वर्ग में महाराष्ट्र के आर्यन एवं प्रणव ने स्वर्ण पदक जीता। इनका स्कोर 124.86 रहा। महाराष्ट्र के ही निबोध अविनाश पाटिल एवं प्रीत नीलेश बोरकर ने रजत पदक प्राप्त किया। इनका स्कोर 123.52 रहा। पश्चिम बंगाल के आयुष भौमिक एवं नील सरकार ने तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक जीता। इनका स्कोर 122.32 रहा।
योगासन में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर महाराष्ट्र के बालक-बालिकाओं को चेम्पियन ट्राफी प्रदान की गई, महापौर श्री टटवाल ने मुख्य समारोह में प्रथम एवं द्वितीय रनअप प्रदेश को भी ट्राफी प्रदान की।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अन्तिम दिन योगासन प्रतियोगिता के खिलाड़ियों को ट्राफी प्रदान की गई। सम्पूर्ण योगासन के गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर महाराष्ट्र की बालिकाओं एवं बालकों को चेम्पियंस ट्राफी महापौर मुकेश टटवाल द्वारा प्रदान की गई। योगासन बालिका वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर महाराष्ट्र की बालिकाओं को चेम्पियंस ट्राफी, फर्स्ट रनअप तमिलनाड़ु की बालिकाओं को एवं सेकंड रनअप की ट्राफी मध्य प्रदेश की बालिकाओं को प्रदान की गई।
योगासन की सम्पूर्ण स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर बालक वर्ग में महाराष्ट्र को चेम्पियन ट्राफी प्रदान की गई। महापौर मुकेश टटवाल ने उक्त ट्राफी प्रदान की। योगासन में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर बालक वर्ग में पश्चिम बंगाल को फर्स्ट रनअप एवं तमिलनाड़ु एवं हरियाणा को संयुक्त रूप से सेकंड रनअप की ट्राफी प्रदान की गई।
साभार- हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
