इस्लामाबाद। भ्रष्टाचार के आरोप में सजा के बाद जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल में जहर दिया जा सकता है। इमरान की पत्नी बुशरा बीबी ने पंजाब प्रांत के गृह सचिव को पत्र लिखकर इसकी आशंका जताई है।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को इस महीने की शुरुआत में जेल में डाल दिया गया था। अदालत ने उन्हें 2018 के दौरान विदेशी गणमान्य व्यक्तियों से प्रधानमंत्री के रूप में प्राप्त सरकारी उपहारों की बिक्री से संबंधित तोशाखाना मामले में तीन साल की जेल की सजा सुनाई थी। इमरान खान पाकिस्तान की अटक जेल में बंद हैं। इमरान खान को पांच साल के लिए राजनीति से भी प्रतिबंधित कर दिया गया।
इमरान की पत्नी बुशरा बीबी जेल में बंद अपने पति से मिलने गयी थीं। उनसे मिलने के बाद बुशरा बीबी ने कहा कि उनके पति को बिना किसी कारण के अटक जेल में कैद कर दिया गया है। कानून के मुताबिक, उनके पति को अदियाला जेल में स्थानांतरित किया जाना चाहिए। पंजाब प्रांत के गृह सचिव को लिखे पत्र में उन्होंने मांग की है कि इमरान खान की सामाजिक और राजनीतिक स्थिति को देखते हुए जेल में बी श्रेणी की सुविधाएं प्रदान की जाएं। तर्क दिया है कि इमरान खान ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से स्नातक और पाकिस्तान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान हैं। उन्होंने कहा कि अटक जेल में ऐसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिसके उनके पति हकदार हैं।
बुशरा ने कहा कि पहले भी इमरान खान की हत्या के दो प्रयास किए जा चुके हैं। इन प्रयासों में शामिल आरोपितों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने पत्र में लिखा कि इमरान खान की जान अभी भी खतरे में है और डर है कि उनके पति को अटक जेल में जहर दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री होने के नाते उनके पति को जेल में घर का बना खाना खाने की अनुमति दी जानी चाहिए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
