-
आश्रम स्कूल में छात्रा की कथित खाद्य विषाक्तता से मौत पर विरोध प्रदर्शन
भुवनेश्वर। मयूरभंज जिले में एक आश्रम स्कूल की छात्रा की कथित खाद्य विषाक्तता से हुई मौत के विरोध में बीजू जनता दल ने 12 घंटों का मयूरभंज जिला बंद का आह्वान किया है। सुबह 6 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलने वाला यह बंद के जिले में जनजीवन को प्रभावित हुआ है। बीजद समर्थकों ने विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन करते हुए प्रमुख सड़कों, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों को अवरुद्ध किया और कई जगहों पर टायर जलाकर विरोध जताया।
उल्लेखनीय है कि जिले के रासगोबिंदपुर आश्रम स्कूल की कक्षा 5 की छात्रा रूपाली बेशरा की मौत के विरोध में जिला-बंद का आह्वान किया गया है। छात्रा की मृत्यु कथित रूप से स्कूल के छात्रावास में परोसे गए दूषित या बासी भोजन के सेवन के बाद हुई। उसी भोजन को खाने के बाद 146 से अधिक छात्र उल्टी और दस्त जैसी शिकायतों के साथ बीमार पड़ गए।
बीजद नेताओं ने इस घटना को गंभीर लापरवाही करार देते हुए स्कूल प्रशासन और राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने मृत छात्रा के लिए न्याय और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बीजद जिला अध्यक्ष सुदाम मरांडी के नेतृत्व में चल रहे इस विरोध प्रदर्शन में बीजद के युवा, छात्र और अन्य संगठनात्मक इकाइयों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हैं।
बंद का असर जिले के सभी चार सबडिविजन बारिपदा, काप्तीपदा बामनघाटी और पांचपीढ में देखा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने विरोध के तहत कुछ समय के लिए बेतनोती स्टेशन के पास बांगिरीपोसी-पुरी सुपरफास्ट ट्रेन को भी रोक दिया।
हालांकि, आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है। एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही जारी है, जबकि जरूरी दुकानें खुली हुई हैं। खबर लिखे जाने तक बंद शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
