-
स्वास्थ्य मंत्री ने दिया बयान
-
युद्धस्तर पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
-
400 करोड़ का विशेष पैकेज
-
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
कटक/भुवनेश्वर। ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कालेज और अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने मंगलवार को विस्तृत बयान जारी किया। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आग लगते ही युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों को तुरंत अन्य आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जिससे और अधिक जनहानि को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि इस दौरान 11 स्वास्थ्यकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली।
सरकार ने घटना के बाद राज्यभर में अग्नि सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। अब तक ओडिशा के 2,010 स्वास्थ्य संस्थानों में फायर सेफ्टी ऑडिट पूरा किया जा चुका है और जिन कमियों की पहचान हुई है, उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चालू वित्त वर्ष में 400 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज भी आवंटित किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए जा चुके हैं और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा घटना की जांच के लिए अंतर-विभागीय फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी का भी गठन किया गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
