-
बीजू पटनायक को भारत रत्न दिलाने के प्रयासों पर उठाए सवाल
भुवनेश्वर। बीजू जयंती के अवसर पर गुरुवार को श्रीमयी मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर तीखा हमला करते हुए बीजू पटनायक को भारत रत्न दिलाने के लिए किए गए प्रयासों पर सवाल उठाए। श्रीमयी मिश्रा ओडिशा की पूर्व बीजू जनता दल (बीजद) नेता और महासचिव रह चुकी हैं। उन्हें सितंबर 2025 में पार्टी नेतृत्व की सार्वजनिक आलोचना और विश्वासघात के आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया था।
नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक को संबोधित करते हुए मिश्रा ने सवाल किया कि लगभग तीन दशक तक सत्ता में रहने के दौरान उन्होंने अपने पिता बीजू पटनायक के लिए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न की मांग को लेकर दिल्ली के सत्ता गलियारों में कितनी बार पहल की।
उन्होंने कहा कि यदि ईमानदारी से प्रयास किए गए होते तो बीजू पटनायक को अब तक भारत रत्न मिल चुका होता। मिश्रा ने यह भी सवाल उठाया कि क्या केवल प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करना ही उस बेटे की जिम्मेदारी पूरी करता है, जिसने अपने पिता के नाम पर राजनीतिक सत्ता का लाभ उठाया।
पुरी के स्वर्गद्वार में बीजू पटनायक की समाधि को हटाए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इससे दिवंगत नेता की स्मृति को स्थायी रूप से मिटा दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि नवीन पटनायक ने उस समाधि का निर्माण नहीं कराया था, बल्कि इसे उन लोगों ने बनवाया था जो बीजू पटनायक से प्रेम और सम्मान करते थे।
मिश्रा ने आगे आरोप लगाया कि बाद में सरकारी अधिकारियों के माध्यम से त्याग की कहानी गढ़कर इसका श्रेय लेने की कोशिश की गई।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
