Home / Odisha / धान खरीद मुद्दे पर गरमाई ओडिशा विधानसभा
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

धान खरीद मुद्दे पर गरमाई ओडिशा विधानसभा

  •     बजट सत्र के दूसरे दिन भारी हंगामा

  •     सदन की कार्यवाही शाम चार बजे तक स्थगित

  •     धान मंडियों में अव्यवस्था का आरोप

भुवनेश्वर। धान खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर बुधवार को ओडिशा विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन जोरदार हंगामा हुआ। किसानों की विभिन्न समस्याओं, विशेषकर धान खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर आज ओडिशा विधानसभा में विपक्षी दलों ने जोरदार हंगामा किया, जिसके चलते प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं चल सके। इससे विधानसभा अध्यक्ष ने पहले सदन को 11:30 बजे तक और बाद में शाम 4 बजे तक स्थगित करने की घोषणा की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी प्रश्नकाल आरंभ कराना चाहती थीं, लेकिन शुरुआत से ही विपक्षी बीजद और कांग्रेस विधायकों ने किसानों की समस्याओं, धान मंडी व्यवस्था और धान खरीद में अनियमितता के मुद्दे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बैठक शुरू होते ही बीजद और कांग्रेस के विधायकों ने राज्य सरकार पर धान मंडियों में व्यापक कुप्रबंधन और किसानों को भुगतान में देरी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

सिर पर धान की बोरी लेकर पहुंचे बीजद विधायक

वरिष्ठ बीजद नेता रोमांच रंजन बिस्वाल सिर पर धान की बोरी रखकर सदन में पहुंचे, जिससे विरोध और तेज हो गया। कुछ सदस्यों ने रिपोर्टर की मेज पर भी धान की बोरियां रखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। विपक्ष का कहना है कि धान खरीद में हो रही देरी और कथित अनियमितताओं से किसान प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिल पा रहा है।

अध्यक्ष की अपील के बावजूद नहीं थमा हंगामा

विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बार-बार व्यवस्था बनाए रखने की अपील की, लेकिन नारेबाजी और शोर-शराबा जारी रहा। निर्धारित कार्यसूची के अनुसार राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होनी थी, किंतु हंगामे के कारण कोई कार्य नहीं हो सका। अंततः स्थिति को देखते हुए अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 11:30 बजे तक स्थगित कर दी। 11:30 बजे पुनः कार्यवाही शुरू होने पर भी वही स्थिति बनी रही। विपक्षी विधायकों ने फिर हंगामा और नारेबाजी जारी रखी, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को शाम 4 बजे तक स्थगित कर दिया।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …