-
मुख्यमंत्री मोहन माझी व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पुण्यतिथि पर किया नमन
भुवनेश्वर। प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, मनीषी और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय का विचार, जिसमें समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखा गया है, आज भी राष्ट्र की प्रगति का आधार बना हुआ है। उन्होंने उल्लेख किया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का दर्शन भारत को सशक्त, समावेशी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के क्षेत्र में उनके आदर्श सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे और समाज को सकारात्मक दिशा देते रहेंगे।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। अपने संदेश में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एकात्म मानववाद के माध्यम से अंत्योदय को राष्ट्र जीवन की धुरी बनाने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन भारतीय संस्कृति, सांस्कृतिक चेतना और समाज के प्रति निःस्वार्थ समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र के आर्थिक, सामाजिक और वैचारिक उत्थान को लेकर उनकी दूरदर्शी सोच आज भी देश को दिशा दे रही है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में निरंतर प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
