Home / Odisha / प्रजामंडल आंदोलन के महानायक पवित्र मोहन प्रधान की 118वीं जयंती मनी
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

प्रजामंडल आंदोलन के महानायक पवित्र मोहन प्रधान की 118वीं जयंती मनी

  •   पवित्र मोहन प्रधान की प्रेरणा से शिक्षा और कृषि के विकास के लिए समर्पित होना चाहिए – धर्मेंद्र प्रधान

भुवनेश्वर। ओडिशा के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद पवित्र मोहन प्रधान केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक विचार और संस्था थे। उन्होंने प्रजाजनों पर हो रहे अत्याचारों के विरुद्ध आवाज़ बुलंद कर सामाजिक परिवर्तन की नींव रखी। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा और कृषि के विकास के लिए समर्पित होना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। यह बात केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कही।

रविवार को अनुगुल जिले के पाललहड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पवित्रनगर में, ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपाटी की गरिमामयी उपस्थिति में प्रजामंडल आंदोलन के महानायक पवित्र मोहन प्रधान की 118वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने पवित्रनगर में पवित्र मोहन प्रधान की भव्य प्रतिमा एवं ‘स्मृतिपीठ’ का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने पललहड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 170 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पवित्र मोहन प्रधान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पवित्रनगर में स्थापित उनकी प्रतिमा और स्मृतिपीठ आने वाली पीढ़ियों के लिए त्याग और सेवा की प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि आज जिन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे पवित्र मोहन प्रधान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि हैं और इससे क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में व्यापक परिवर्तन आएगा। इनमें खमार में 11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा पवित्रनगर और बिरु में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा।

प्रधान ने कहा कि पवित्र मोहन प्रधान का यह विचार कि “शिक्षा ही समाज की मुक्ति का मार्ग है”, आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रीय शिक्षा नीति में परिलक्षित हो रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस युग में बच्चों को केवल शिक्षित ही नहीं, बल्कि ‘वेल्थ क्रिएटर’ बनकर आत्मसम्मान के साथ जीवन जीना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पललहड़ा और तालचेर क्षेत्र में शिक्षा और कृषि के विकास के लिए समर्पित होना ही पवित्र बाबू के प्रति सर्वोत्तम श्रद्धांजलि होगी।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल के करकमलों से पल्लहड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 153 करोड़ रुपये की लागत से 26 नई परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 16 करोड़ रुपये की लागत से 6 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। पवित्रनगर में 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्मृतिपीठ को जनसाधारण के लिए समर्पित किया गया। इसके अलावा खमार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पवित्रनगर एवं बिरु में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, पवित्रनगर डिग्री कॉलेज में 3.60 करोड़ रुपये की लागत से 100 शैय्या वाला छात्रावास, पवित्रनगर उच्च माध्यमिक विद्यालय में नए कक्ष निर्माण, समाकोई नदी पर 30 करोड़ रुपये की लागत से हाई-लेवल ब्रिज, राष्ट्रीय राजमार्ग-6 से जमारडिहि तक सड़क चौड़ीकरण, पललहड़ा में दिव्यांगों के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा पवित्रनगर में कल्याण मंडप निर्माण सहित कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम में ढेंकानाल के सांसद रुद्र नारायण पाणि, पाललहड़ा विधायक अशोक मोहंती सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …