Home / Odisha / शिक्षा ही समाज की मुक्ति का मार्ग है : धर्मेंद्र प्रधान

शिक्षा ही समाज की मुक्ति का मार्ग है : धर्मेंद्र प्रधान

  •  पवित्र मोहन सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय, कणिहां का प्लैटिनम जुबली समारोह

अनुगूल। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी और प्रजामंडल आंदोलन के अग्रणी नेता पवित्र मोहन प्रधान का यही विश्वास था, जिसके आधार पर उन्होंने कणिहां में शिक्षा का बीज बोया, जो आज पीएम श्री पवित्र मोहन सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय के रूप में एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है।

प्रधान अनुगूल जिले के कणिहां स्थित पवित्र मोहन सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘प्लैटिनम जुबली’ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर ओडिशा के माननीय राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी भी उपस्थित थे। समारोह का आयोजन स्वतंत्रता सेनानी पवित्र मोहन प्रधान की 118वीं जयंती के अवसर पर किया गया, जिसमें उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह संस्थान केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक और बौद्धिक चेतना का केंद्र रहा है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर क्षेत्र के अनेक छात्र-छात्राएं डॉक्टर, प्रशासक और विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठा प्राप्त कर चुके हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है।

अपने संबोधन में प्रधान ने आने वाले दो महत्वपूर्ण मील के पत्थरों की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2036 में ओडिशा भाषा के आधार पर राज्य गठन के 100 वर्ष पूरे करेगा और 2047 में देश स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा। ऐसे में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाएगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी के पीछे न भागें, बल्कि ‘वेल्थ क्रिएटर’ और उद्यमी बनने का संकल्प लें।

उन्होंने पवित्र मोहन प्रधान के आदर्शों से प्रेरणा लेकर क्षेत्र में शिक्षा के व्यापक विकास के लिए समर्पित होने का आह्वान किया। समारोह के दौरान विद्यालय की वार्षिक स्मारिका तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर आधारित एक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। श्री प्रधान ने कहा कि ऐसी पुस्तकों से छात्रों में देशभक्ति और बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने छात्रों को पवित्रनगर में स्थापित ‘पवित्र मोहन प्रधान स्मृतिपीठ’ के दर्शन करने की सलाह दी, ताकि वे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और आदर्शों से प्रेरणा ले सकें।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …