Home / Odisha / राष्ट्रीय स्तरीय हथकरघा एक्सपो का भुवनेश्वर में शुभारंभ
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

राष्ट्रीय स्तरीय हथकरघा एक्सपो का भुवनेश्वर में शुभारंभ

  •   देशभर के बुनकरों को मिला विपणन का साझा मंच

  •   22 फरवरी तक चलेगा एक्सपो, 80 स्टॉल लगाए गए

भुवनेश्वर। भारत की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत विश्वभर में प्रसिद्ध है, जिसमें ओडिशा के हथकरघा वस्त्रों का विशेष योगदान रहा है। खासकर ओडिशा की पारंपरिक इकत (बंधा) बुनाई ने अपनी बारीक कारीगरी और कालजयी सुंदरता के कारण भारतीय वस्त्र मानचित्र पर अलग पहचान बनाई है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने और बुनकरों को सशक्त विपणन मंच देने के उद्देश्य से 24वें राष्ट्रीय स्तरीय हथकरघा एक्सपो का आयोजन किया गया है।

ओडिशा राज्य हथकरघा बुनकर सहकारी समिति लिमिटेड (बयानिका) द्वारा यूनिट-3 स्थित आईडीसीओ प्रदर्शनी मैदान, भुवनेश्वर में 24वें राष्ट्रीय हथकरघा एक्सपो का आयोजन किया गया है, जो 22 फरवरी 2026 तक चलेगा। इस एक्सपो का उद्देश्य ओडिशा समेत देश के विभिन्न राज्यों के बुनकरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।

मंत्री ने किया उद्घाटन

एक्सपो का उद्घाटन कल शाम सहकारिता एवं हथकरघा, वस्त्र व हस्तशिल्प मंत्री प्रदीप बलसामंत ने किया। इस अवसर पर हथकरघा, वस्त्र व हस्तशिल्प विभाग की आयुक्त-सह-सचिव श्रीमती गुहा पूनम तपस कुमार, बयानिका के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र मेहर, प्रबंध निदेशक डॉ निवेदिता पृष्टि तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देशभर के बुनकरों की भागीदारी

इस एक्सपो को ओडिशा सरकार के हथकरघा, वस्त्र व हस्तशिल्प विभाग द्वारा प्रायोजित किया गया है। बयानिका, उत्कलिका, संबलपुरी बस्त्रालय, रेशम ओडिशा सहित राज्य की 50 प्राथमिक बुनकर सहकारी समितियां इसमें भाग ले रही हैं। इसके अलावा टाटा अंतराण, गोपालपुर तथा राज्य के बाहर से 20 प्रतिभागी भी एक्सपो में शामिल हुए हैं।

80 स्टॉलों का निःशुल्क आवंटन

एक्सपो में कुल 80 स्टॉल बनाए गए हैं, जिन्हें सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है। उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, हरियाणा, तमिलनाडु, तेलंगाना, दिल्ली, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब और गुजरात जैसे राज्यों के बुनकर अपने-अपने पारंपरिक हथकरघा उत्पादों के साथ यहां पहुंचे हैं।

धौली शांति स्तूप थीम बना आकर्षण

एक्सपो का मुख्य आकर्षण इसका थीम पवेलियन है, जिसे धौली–शांति स्तूप की थीम पर भुवनेश्वर स्थित वीवर्स सर्विस सेंटर द्वारा डिजाइन किया गया है। यह पवेलियन दर्शकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

व्यवसायिक कारोबार की बड़ी उम्मीद

एक्सपो प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9:30 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। यहां देश के विभिन्न हिस्सों की बुनाई परंपराओं से जुड़े विविध हथकरघा उत्पादों की खरीदारी का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, इस एक्सपो से करीब 10 करोड़ रुपये के व्यवसायिक कारोबार की उम्मीद है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …