भुवनेश्वर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को ओडिशा का अपना छह दिवसीय दौरा संपन्न किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के पांच जिलों में विभिन्न आधिकारिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपटि, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, मुख्य सचिव अनु गर्ग तथा भुवनेश्वर नगर निगम की महापौर सुलोचना दास ने उन्हें विदाई दी।
अपने व्यापक दौरे के दौरान राष्ट्रपति ने खोरधा, जाजपुर, बालासोर, पुरी और मयूरभंज जिलों का दौरा किया, जहां उन्होंने आदिवासी महिलाओं, छात्रों और युवाओं से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने समावेशी और समुदाय-आधारित विकास की आवश्यकता पर बल देते हुए वंचित वर्गों के सशक्तीकरण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
प्रस्थान से पूर्व लोक भवन में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राष्ट्रपति मुर्मु से मुलाकात की और उन्हें राज्य की विकास यात्रा और प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाने वाली पुस्तक ‘प्रगति प्रवाह’ भेंट की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
