भुवनेश्वर । ओडिशा के जाजपुर जिले में जखपुरा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह चेन्नई–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस की तीन बोगियां पटरी से उतर गईं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रेन की गति काफी धीमी थी।
ट्रेन संख्या 22611, जो चेन्नई सेंट्रल (एमएएस) से न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी ) के बीच संचालित होती है, जखपुरा यार्ड सीमा के भीतर दुर्घटनाग्रस्त हुई। रेलवे सूत्रों ने बताया कि एक एसी कोच और दो सामान्य कोच पटरी से उतरे। इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। साथ ही, इस खंड में यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि प्रभावित बोगियों को अलग किया जा रहा है और उनमें सवार यात्रियों को वैकल्पिक रूप से समायोजित किया गया है। यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त बोगियों की व्यवस्था कर उन्हें आवश्यकता अनुसार ट्रेन में जोड़ा जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही भुवनेश्वर और खुर्दा रोड से दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) को सुबह 08:53 बजे रवाना किया गया। इसके अलावा खुर्दा रोड से दुर्घटना राहत चिकित्सा उपकरण (एआरएमई) भी घटनास्थल के लिए भेजे गए। भद्रक से एक बचाव दल भी मौके के लिए रवाना हुआ।
वरिष्ठ रेलवे अधिकारी घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंच गए और बहाली एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। हादसे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। रेलवे अधिकारियों द्वारा विस्तृत जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
