भुवनेश्वर: डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए ओडिशा सरकार जल्द ही राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत एक व्हाट्सऐप चैटबॉट लॉन्च करने जा रही है। इसके माध्यम से नागरिक विभिन्न प्रमाणपत्रों के लिए आवेदन कर सकेंगे और अन्य राजस्व सेवाओं का ऑनलाइन लाभ उठा सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य बिचौलियों पर निर्भरता कम करना, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना और सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी व सुलभ बनाना है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बुधवार को कहा कि विभाग ने अपनी सेवाओं का डिजिटलीकरण किया है, ताकि नागरिक घर बैठे सुविधाजनक रूप से इनका उपयोग कर सकें।
उन्होंने कहाकि पहले राजस्व कार्यालयों में जाने वाले लोगों को कई बार अधिकारियों द्वारा पैसों की मांग का सामना करना पड़ता था। ऐसी प्रथाओं को समाप्त करने के लिए अधिकांश सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है और अब इन्हें और अधिक सुलभ बनाने के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट शुरू किया जा रहा है।”
इस चैटबॉट के माध्यम से नागरिक जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र सहित अन्य दस्तावेजों के लिए आवेदन कर सकेंगे। साथ ही वे अपने आवेदनों की स्थिति की वास्तविक समय में निगरानी भी कर पाएंगे। यदि किसी आवेदन में देरी होती है, तो संबंधित अधिकारियों को उसका स्पष्टीकरण देना होगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री पुजारी ने यह भी बताया कि यह प्लेटफॉर्म नागरिकों को रिश्वतखोरी की किसी भी घटना की शिकायत सीधे चैटबॉट के जरिए दर्ज कराने की सुविधा देगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी से रिश्वत मांगी जाती है, तो शिकायत सीधे मेरे पास पहुंचेगी और मैं तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करूंगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
