भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर अमेरिका द्वारा टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत किए जाने को भारत–अमेरिका आर्थिक संबंधों में एक ऐतिहासिक प्रगति बताया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय दोनों देशों के बीच गहरे सहयोग और साझा समृद्धि के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि टैरिफ में यह कटौती भारतीय विनिर्माण क्षेत्र, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), निर्यातकों और रोजगार सृजन को उल्लेखनीय बढ़ावा देगी। साथ ही, इससे उद्यमियों और स्टार्टअप्स के लिए नए अवसर खुलेंगे और वैश्विक बाजारों तक पहुंच और मजबूत होगी।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व और जन-केंद्रित कूटनीति को देते हुए उन्हें बधाई और धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री माझी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी और जनहितकारी नेतृत्व के कारण भारत–अमेरिका संबंध और सुदृढ़ हुए हैं तथा भारत की वैश्विक आर्थिक उपस्थिति को नई मजबूती मिली है।”
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी टैरिफ में कमी से भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी और निर्यात आधारित आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
