भुवनेश्वर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा है कि 2026-27 के लिए प्रस्तुत केंद्रीय बजट विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने का रोडमैप है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस पहल के लिए बधाई और राज्यवासियों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया।
सामल ने बताया कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और देश को वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली अर्थव्यवस्था बनाने में सहायक होगा। बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, वेतनभोगियों, मध्यम वर्ग, व्यवसायों, एमएसएमई, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और रक्षा सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों को विशेष महत्व दिया गया है।
मनमोहन सामल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों के कारण भारत की अर्थव्यवस्था ने स्थिर वृद्धि दर्ज की है। बजट में आरोग्य और एआई टेक्नोलॉजी से लेकर आधारभूत ढांचे और सामाजिक क्षेत्रों में निवेश को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय जलमार्ग योजना के तहत आने वाले पांच वर्षों में 20 नए जलमार्गों का निर्माण होगा, जो ओडिशा से शुरू होंगे और राज्य में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
सामल ने जोर देकर कहा कि बजट में ओडिशा के विकास को भी प्राथमिकता दी गई है। तात्कालिक योजनाओं से सहायक उद्योगों, कृषि, पर्यटन और मिनरल कॉरिडोर जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ेगा। इससे राज्य में रोजगार के अवसरों में वृद्धि और समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास को बल मिलेगा।
उन्होंने निष्कर्ष में कहा कि यह बजट देश और राज्य की सर्वांगीण प्रगति सुनिश्चित करेगा और सभी वर्गों के लिए समावेशी विकास के अवसर प्रदान करेगा। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. जतीन महांती, राज्य सचिव बिरेञ्चि नारायण त्रिपाठी, पूर्णिमा प्रियदर्शनी नायक, राज्य मीडिया संयोजक सुजित कुमार दास और व पार्टी प्रवक्ता अनिल बिश्वाल उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
