-
पूर्व मंत्री दिव्यशंकर मिश्र ने अटकलों पर दी सफाई
-
कहा-कलिकेश की सराहना युवा प्रेरणा के रूप में, उत्तराधिकारी के तौर पर नहीं
भुवनेश्वर। बीजू जनता दल के भविष्य के नेतृत्व को लेकर उठ रही अटकलों के बीच पूर्व मंत्री दिव्यशंकर मिश्र ने गुरुवार को अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उनके बयान को गलत संदर्भ में पेश किया गया है। उन्होंने दो टूक कहा कि नवीन पटनायक ही बीजद के निर्विवाद और सर्वोच्च नेता हैं और पार्टी के भीतर उनके नेतृत्व को लेकर किसी प्रकार का संशय नहीं है।
भुवनेश्वर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दिव्यशंकर मिश्र ने कहा कि उनके बयान को कुछ मीडिया संस्थानों ने गलत तरीके से पेश किया, जिससे अनावश्यक विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके वक्तव्य को काट-छांट कर दिखाया गया, जो वास्तविक भावना से बिल्कुल अलग था।
बलांगीर फुटबॉल टूर्नामेंट से जुड़ा है मामला
यह विवाद इसी महीने बलांगीर में आयोजित एक फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान दिए गए उनके वक्तव्य से जुड़ा है। उस कार्यक्रम में दिव्यशंकर मिश्र ने बलांगीर विधायक कलिकेश नारायण सिंहदेव की उपलब्धियों की सराहना की थी। उन्होंने कलिकेश को राष्ट्रीय स्तर के राइफल शूटर, राष्ट्रीय राइफल संघ के अध्यक्ष, पूर्व सांसद और वर्तमान युवा विधायक बताते हुए उनकी खेल भावना और सार्वजनिक जीवन की प्रशंसा की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि वे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन सकते हैं और उनके परिवार की राजनीतिक विरासत, विशेषकर उनके दादा के मुख्यमंत्री रहने का उल्लेख किया था।
नेतृत्व परिवर्तन से जोड़ना गलत
दिव्यशंकर मिश्र ने कहा कि उनके इन बयानों को कुछ रिपोर्टों में बीजद में नेतृत्व परिवर्तन या उत्तराधिकार की संभावनाओं से जोड़ दिया गया, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल युवा नेतृत्व के उदाहरण के तौर पर कलिकेश का नाम लिया था, न कि किसी पद या जिम्मेदारी के लिए समर्थन के रूप में।
उन्होंने कहा कि एक विधायक के रूप में मैं कई कार्यक्रमों में अतिथि के तौर पर शामिल होता हूं। बालांगिर टूर्नामेंट में मैंने मंच और मीडिया के सामने कलिकेश सिंहदेव की सराहना केवल युवा नेतृत्व के उदाहरण के रूप में की थी। इसका पार्टी नेतृत्व में किसी बदलाव से कोई संबंध नहीं है।
नवीन पटनायक के नेतृत्व पर कोई सवाल नहीं
पूर्व मंत्री ने दोहराया कि बीजू जनता दल में नेतृत्व को लेकर कोई भ्रम नहीं है। उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि हमारे नेता केवल एक हैं- माननीय नवीन पटनायक। बीजद के सभी विधायक और सांसद उनके मार्गदर्शन में काम कर रहे हैं।
2029 में सत्ता में वापसी का भरोसा
दिव्यशंकर मिश्र ने विश्वास जताया कि बीजद 2029 के विधानसभा चुनाव में फिर से सत्ता में लौटेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में धान खरीद, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर जनता में असंतोष बढ़ रहा है, जिसका लाभ आने वाले चुनावों में बीजद को मिलेगा।
पार्टी और नेतृत्व के प्रति निष्ठा दोहराई
अंत में दिव्यशंकर मिश्र ने पार्टी और उसके नेतृत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि बीजू जनता दल पूरी एकजुटता के साथ आगे बढ़ रही है और जनता के आशीर्वाद से एक बार फिर राज्य की सत्ता संभालेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
