Home / Odisha / कटक में नेताजी को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दी श्रद्धांजलि
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

कटक में नेताजी को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दी श्रद्धांजलि

  •     पराक्रम दिवस पर मुख्यमंत्री, राज्यपाल और मंत्रियों ने नेताजी को किया नमन

  •     डाक टिकट गैलरी व जिला संस्कृति भवन का उद्घाटन

  •     कटक-भुवनेश्वर में कड़ी सुरक्षा

भुवनेश्वर/कटक। पराक्रम दिवस के अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को कटक में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने नेताजी की जन्मस्थली पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके अद्वितीय साहस व राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

उपराष्ट्रपति निर्धारित कार्यक्रम से पहले ही ओडिशा पहुंचे। वे भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर उतरे और सीधे कटक के लिए रवाना हुए। उनके आगमन पर राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, मुख्य सचिव अनु गर्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उपराष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

आधिकारिक कार्यक्रम के तहत उपराष्ट्रपति ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा नेताजी संग्रहालय का दौरा किया। उच्चस्तरीय दौरे के कारण नेताजी स्मारक को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक आम जनता के लिए बंद रखा गया।

पराक्रम दिवस के अवसर पर कटक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जन्मस्थली पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी और राज्य सरकार के कई मंत्री उपस्थित रहे। सभी गणमान्य व्यक्तियों ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान नेताजी के जीवन, उनके विचारों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को स्मरण किया गया। उपस्थित नेताओं ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन आज भी युवाओं और देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। पराक्रम दिवस के माध्यम से उनके पराक्रम, नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद कर भावी पीढ़ी को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया।

डाक टिकट गैलरी और संस्कृति भवन का उद्घाटन

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने नेताजी की जन्मस्थली परिसर में फिलैटेलिक गैलरी का उद्घाटन किया। यह गैलरी डाक विरासत के माध्यम से भारत के समृद्ध इतिहास और सांस्कृतिक परंपरा को प्रदर्शित करेगी। इसके अलावा उन्होंने कटक में जिला संस्कृति भवन का भी उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय कला, संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देना है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए भुवनेश्वर और कटक दोनों शहरों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण और प्रशासनिक समन्वय के विशेष इंतजाम किए गए। राज्य प्रशासन ने प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया। कार्यक्रमों के बाद उपराष्ट्रपति लोक सेवा भवन पहुंचे, जहां उन्होंने दोपहर का भोजन किया। इसके पश्चात वे दोपहर 2:15 बजे कोलकाता के लिए रवाना हो गए।

नेताजी की जन्मस्थली को राष्ट्रीय धरोहर बनाने की मांग

इस मौके पर कटक-बारबाटी विधायक सोफिया फिरदौस ने नेताजी का कटक से जुड़ाव बताते हुए गर्व व्यक्त किया और ओड़िया बाजार स्थित उनकी जन्मस्थली को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग दोहराई। गौरतलब है कि पराक्रम दिवस हर वर्ष नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर मनाया जाता है। यह दिन उनके अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करने का अवसर है, जो आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …