Home / Odisha / ओडिशा में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उतारेगी अपना उम्मीदवार
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उतारेगी अपना उम्मीदवार

  •     विधायकों की संख्या कम होने के बावजूद चुनाव लड़ने का ऐलान

  •     भक्त चरण दास का बड़ा बयान

भुवनेश्वर। ओडिशा में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच विपक्षी कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह विधायकों की पर्याप्त संख्या न होने के बावजूद राज्यसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारेगी। यह जानकारी ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने शुक्रवार को दी।

सूत्रों के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर तैयारियां शुरू करने को कहा है। राज्य से राज्यसभा के चार सदस्यों का कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। इनमें बीजू जनता दल के निरंजन बिशी और मुन्ना खान तथा भारतीय जनता पार्टी के सुजीत कुमार और ममता मोहंता शामिल हैं।

राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले भक्त चरण दास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जीत या हार की परवाह किए बिना चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पार्टी अकेले दम पर राज्यसभा चुनाव लड़ेगी।

उम्मीदवार को लेकर हाईकमान से होगी चर्चा

भक्त चरण दास ने बताया कि कांग्रेस ने राज्यसभा उम्मीदवार के लिए तीन से चार नामों पर विचार कर लिया है। इन नामों पर अंतिम फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के बाद लिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उम्मीदवार पार्टी के भीतर से भी हो सकता है और बाहर से भी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस निश्चित रूप से राज्यसभा चुनाव लड़ेगी। हम जीत-हार से नहीं डरते, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी को प्राथमिकता देते हैं।

विधानसभा में दलों की स्थिति

गौरतलब है कि 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में इस समय भारतीय जनता पार्टी के 82 विधायक हैं, जबकि बीजू जनता दल के 50 विधायक हैं। कांग्रेस के पास केवल 14 विधायक हैं। इसके बावजूद कांग्रेस का चुनाव लड़ने का फैसला राज्य की राजनीति में नए समीकरण और रणनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …