-
ग्रांड सेंटर में गोलीबारी की धमकी भी मिली
-
हाई अलर्ट, एक संदिग्ध हिरासत में
पुरी। ओडिशा के पुरी स्थित विश्वविख्यात श्री जगन्नाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आई इस धमकी को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया है। एहतियातन मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह धमकी ‘जुली रानी पंडा’ नामक एक फेसबुक अकाउंट से पोस्ट की गई थी। कथित पोस्ट में आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री के साथ श्रीमंदिर में विस्फोट करने का दावा किया गया था। इसके साथ ही पुरी ग्रांड सेंटर में गोलीबारी की धमकी भी दी गई, जिससे श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और प्रशासन में चिंता बढ़ गई।
सांसद सुभाशीष खुंटिया को गोली मारने की धमकी
मामला तब और गंभीर हो गया जब पोस्ट में कथित तौर पर सांसद सुभाशीष खुंटिया को गोली मारने की धमकी का भी उल्लेख किया गया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की और औपचारिक शिकायत दर्ज की गई।
पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित
धमकी की सत्यता और स्रोत का पता लगाने के लिए पुरी पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। टीम ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, फेसबुक यूआरएल सहित डिजिटल सुरागों का विश्लेषण किया और संभावित संदिग्धों पर नजर रखी। प्रारंभिक जांच के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार, धमकी के पीछे के मकसद की जांच की जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह किसी एक व्यक्ति की हरकत है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।
एहतियात के तौर पर श्री जगन्नाथ मंदिर सहित पुरी के अन्य संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा समीक्षा कर उसे और मजबूत किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
