-
उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने किया ऐलान
-
इस चरण में 250 करोड़ रुपये होंगे हस्तांतरित
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार की महत्वाकांक्षी सुभद्रा योजना के तहत 18 जनवरी तक राज्य की 4.57 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में आर्थिक सहायता की राशि जमा कर दी जाएगी। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने मंगलवार को दी। इस चरण में कुल 250 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों को सीधे हस्तांतरित की जाएगी। उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि सुभद्रा योजना के लाभार्थियों को 18 जनवरी तक राशि मिल जाएगी, जैसा कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं की दो या तीन किस्तें लंबित थीं, उन्हें एक साथ भुगतान किया जाएगा, जबकि नई लाभार्थियों को एक किस्त प्रदान की जाएगी।
नए और पहले से वंचित लाभार्थियों को भी मिलेगा लाभ
उपमुख्यमंत्री के अनुसार, आगामी भुगतान में कुल 4,57,681 महिलाएं सुभद्रा योजना की राशि प्राप्त करेंगी। इनमें से 1,78,398 महिलाएं नई लाभार्थी हैं, जिन्हें योजना की पहली किस्त दी जाएगी। वहीं, 2,55,265 महिलाएं ऐसी हैं, जो पहले पहली और दूसरी किस्त से वंचित रह गई थीं, अब उन्हें दोनों किस्तें एक साथ प्रदान की जाएंगी।
शिकायत निवारण के बाद 24 हजार से अधिक महिलाएं जोड़ी गईं
योजना के तहत शिकायत निवारण प्रक्रिया के दौरान लाभार्थियों की आपत्तियों और शिकायतों की जांच की गई। इसके बाद 24,018 महिलाओं को सुभद्रा योजना की लाभार्थी सूची में शामिल किया गया है, जिन्हें इस चरण में सहायता राशि दी जाएगी।
किसी भी पात्र महिला को वंचित न रखने का प्रयास
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रक्रिया या सत्यापन से जुड़ी देरी के कारण कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी पात्र श्रेणियों को मिलाकर कुल 250 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा किए जाएंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
