-
राष्ट्रीय युवा दिवस पर राज्यभर के शिक्षण संस्थानों में सामूहिक गायन
भुवनेश्वर। स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज ओडिशा के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में ‘वंदे मातरम्’ का भव्य सामूहिक गायन आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राज्य के 16 हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों ने भाग लिया, जबकि 21 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने एक साथ मातृभूमि के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
राज्य सरकार के ओडिया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग तथा खेल एवं युवा सेवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इस राज्यव्यापी ‘वंदे मातरम् सामूहिक गायन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्वाह्न 11 बजे राज्य के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ। इस अवसर पर लाखों छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी एकजुट होकर राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत हुए।
कार्यक्रम की सफलता पर उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा सेवा तथा ओडिया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति मंत्री श्री सूर्यबंशी सूरज ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसे एक “ऐतिहासिक क्षण” बताते हुए कहा कि युवाओं के कंठ से गूंजता ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्र के प्रति हमारे अटूट समर्पण का सशक्त प्रतीक है। मंत्री श्री सूरज ने कार्यक्रम से जुड़े सभी शिक्षण संस्थानों, छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं को बधाई और धन्यवाद दिया।
उल्लेखनीय है कि इस सामूहिक गायन से पूर्व राज्यभर में ‘वंदे मातरम् प्रशिक्षण कार्यक्रम’ आयोजित किए गए थे। राज्य के सभी जिलों को पाँच मंडलों—जयपुर, ब्रह्मपुर, बालेश्वर, संबलपुर और भुवनेश्वर—में विभाजित कर मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुए। इसके अतिरिक्त जिला, नगरपालिका और ब्लॉक स्तर पर भी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए, जिससे कार्यक्रम की व्यापक भागीदारी और सफल आयोजन सुनिश्चित हो सका।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
