Home / Odisha / ओडिशा में फिर लौटी कड़ाके की ठंड
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में फिर लौटी कड़ाके की ठंड

  •     भुवनेश्वर में 24 घंटे में पारा 3.4 डिग्री गिरा

भुवनेश्वर। ओडिशा में एक बार फिर ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बादलों की चादर हटते ही पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी भुवनेश्वर में सोमवार सुबह 8.30 बजे तक न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस गिरकर 12.3 डिग्री पर पहुंच गया। इससे एक दिन पहले शहर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 15.7 डिग्री दर्ज किया गया था।

कटक समेत कई शहरों में ठिठुरन बढ़ी

भुवनेश्वर की तरह कटक में भी ठंड बढ़ गई है। कटक का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री से गिरकर 11.4 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के अन्य हिस्सों में भी रात का तापमान तेजी से नीचे गया, जिससे लोगों को सुबह और रात के समय तेज सर्दी का सामना करना पड़ा।

जी उदयगिरि रहा सबसे ठंडा

राज्य में कंधमाल जिले का जी उदयगिरि सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद कंधमाल जिला मुख्यालय फुलबाणी में 6.8 डिग्री और राउरकेला में 6.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

कंधमाल के दारिंगबाड़ी और झारसुगुड़ा में तापमान 7 डिग्री रहा। वहीं सुंदरगढ़ के किरेई (8.8 डिग्री), नवरंगपुर और सुंदरगढ़ (9 डिग्री), संबलपुर के चिपलीमा (9.4 डिग्री) और अनुगूल (9.6 डिग्री) में भी पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया।

सामान्य से सबसे अधिक गिरावट झारसुगुड़ा में

तापमान में सामान्य से सबसे ज्यादा गिरावट झारसुगुड़ा में 5.1 डिग्री दर्ज की गई। इसके बाद अनुगूल में 4.4 डिग्री, कटक में 3 डिग्री और भुवनेश्वर में 2.9 डिग्री की गिरावट देखी गई।

14 जनवरी की सुबह तक शीतलहर की चेतावनी

आईएमडी ने झारसुगुड़ा, अनुगूल और बौध जिलों में 14 जनवरी की सुबह तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, जगतसिंहपुर, कटक, खुर्दा, ढेंकानाल, केंद्रापड़ा और बौध जिलों के कुछ इलाकों में ठंड का असर बना रह सकता है। हालांकि अगले 4 से 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

राजधानी और कटक में टूटा दशकों का रिकॉर्ड

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह राजधानी भुवनेश्वर में जबरदस्त ठंड पड़ी थी। 10 जनवरी की सुबह न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री तक गिर गया था, जो पिछले 22 वर्षों की सबसे ठंडी रात रही। इससे पहले 7 जनवरी को तापमान 10.2 डिग्री और 8 व 9 जनवरी को क्रमशः 9.4 डिग्री दर्ज किया गया था। इसी तरह कटक में 9 जनवरी की सुबह 8.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जो पिछले 40 वर्षों की सबसे ठंडी रात थी। 8 जनवरी को कटक का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहा था।

राउरकेला और झारसुगुड़ा में ऐतिहासिक ठंड

9 जनवरी की सुबह राउरकेला में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो शहर का अब तक का सबसे कम तापमान है। यह दिन देश के मैदानी इलाकों में चौथा सबसे ठंडा रहा। इससे ठंडे स्थानों में उत्तराखंड का पंतनगर (2.5 डिग्री), झारखंड का डाल्टनगंज (3.2 डिग्री) और उत्तर प्रदेश का अलीगढ़ (3.4 डिग्री) शामिल रहे। वहीं झारसुगुड़ा में भी तापमान 4.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो पिछले 72 वर्षों की सबसे ठंडी रात मानी जा रही है। खास बात यह रही कि यह रिकॉर्ड टूटने के महज 48 घंटे बाद ही एक और नया निचला स्तर दर्ज किया गया।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …