-
प्रभास के प्रशंसकों की आरती के दौरान मचा हड़कंप
-
‘द राजा साब’ की स्क्रीनिंग के दौरान हुई घटना
रायगड़ा। ओडिशा के रायगड़ा जिले में एक सिनेमा हॉल में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां फिल्म अभिनेता प्रभास की हाल ही में रिलीज फिल्म ‘द राजा साब’ की स्क्रीनिंग के दौरान आग लग गई थी। यह घटना शुक्रवार को रायगड़ा स्थित अशोक टॉकीज में उस समय हुई, जब फिल्म के एक अहम दृश्य में प्रभास की भव्य एंट्री दिखाई जा रही थी।
प्रभास की एंट्री पर पटाखे और आरती
जानकारी के अनुसार, प्रभास की स्क्रीन पर एंट्री होते ही प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इसी दौरान कुछ दर्शकों ने कथित तौर पर खुशी में पटाखे फोड़ने की कोशिश की। इतना ही नहीं, एक समूह ने सिनेमा हॉल के भीतर ही स्क्रीन के सामने आरती करना शुरू कर दिया। इसी दौरान अचानक स्क्रीन के पास आग भड़क उठी, जिससे पूरे हॉल में अफरा-तफरी मच गई।
दर्शकों में मचा हड़कंप, स्टाफ ने संभाली स्थिति
आग लगते ही सिनेमा हॉल में मौजूद दर्शकों में दहशत फैल गई। हालांकि, थिएटर स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। फायर सेफ्टी उपायों के चलते स्थिति को जल्दी नियंत्रण में कर लिया गया।
कोई हताहत नहीं, नुकसान भी मामूली
इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और सिनेमा हॉल को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए फिल्म की स्क्रीनिंग रोक दी गई थी, लेकिन हालात सामान्य होने के बाद शो दोबारा शुरू कर दिया गया।
प्रशासन और प्रबंधन सतर्क
घटना के बाद सिनेमा हॉल प्रबंधन ने दर्शकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। वहीं, प्रशासन की ओर से भी इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए सख्ती बरतने की बात कही गई है।
फिल्म ‘द राजा साब’ को मिल रहा दर्शकों का प्यार
मारुति द्वारा निर्देशित और लिखित फिल्म ‘द राजा साब’ में प्रभास मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। उनके साथ मलविका मोहनन, निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार, संजय दत्त और बोमन ईरानी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 9 जनवरी को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
