Home / Odisha / भुवनेश्वर में 22 साल की सबसे सर्द रात
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

भुवनेश्वर में 22 साल की सबसे सर्द रात

  •     ओडिशा में कड़ाके की ठंड का कहर जारी,

  •     राज्य के 22 स्थानों पर पारा 10 डिग्री से नीचे

भुवनेश्वर। ओडिशा में शीतलहर का प्रकोप लगातार बना हुआ है। राज्य के कम से कम 22 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। राजधानी भुवनेश्वर में तापमान गिरकर 9.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पिछले 22 वर्षों में सबसे कम था। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार इससे पहले वर्ष 2004 में इतनी ठंड दर्ज की गई थी। एक दिन पहले भुवनेश्वर का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस था।

राउरकेला रहा सबसे ठंडा शहर

पिछले 24 घंटों के दौरान राउरकेला राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद झारसुगुड़ा में 4.5 डिग्री, जबकि फुलबाणी और अनुगूल में 6-6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

कटक में भी बढ़ी ठिठुरन, कई जिलों में शीतलहर

भुवनेश्वर के साथ-साथ कटक में भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। बालेश्वर में 9.9, बारिपदा 8.8, केंदुझर 7.4, संबलपुर 9.4, सुंदरगढ़ 6.8, हीराकुद 9.9, भवानीपाटना 8.2, बलांगीर 9.5, कोरापुट 9.8, सोनपुर 9.3, दारिंगबाड़ी 6.5, बौध 9.8, ढेंकानाल 7.7, बरगढ़ 9.8 और नवरंगपुर में 7.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

अगले दो सप्ताह तक ठंड बने रहने का अनुमान

आईएमडी ने अनुमान जताया है कि शुष्क और ठंडी उत्तरी हवाओं के प्रभाव से अगले दो सप्ताह तक तीव्र ठंड बनी रह सकती है। विभाग के अनुसार 11 जनवरी तक राज्य में शीतलहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है।

पांच जिलों में येलो वार्निंग जारी

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने शनिवार को झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, कटक, खुर्दा और अनुगुल जिलों के लिए येलो वार्निंग जारी की है। लोगों को विशेषकर रात और तड़के सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रशासन की अपील, ठंड से बचाव करें

प्रशासन और मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा अनावश्यक रूप से देर रात और सुबह के समय बाहर निकलने से बचें।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …