-
कलिंग स्टेडियम में उभरते खिलाड़ियों को मिला मंच
-
खेल मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने बढ़ाया हौसला
-
खिलाड़ियों को मिली सरकारी सुविधाओं की जानकारी
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार के खेल एवं युवा सेवा विभाग द्वारा मुख्यमंत्री ट्रॉफी-2025 के माध्यम से चयनित फुटबॉल प्रतिभाओं का दीक्षांत (इंडक्शन) समारोह कलिंग स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस अवसर पर खेल एवं युवा सेवा मंत्री सूर्यवंशी सूरज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और नवचयनित खिलाड़ियों का स्वागत व अभिनंदन किया।
समारोह के दौरान मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं और सहयोगात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और खेल के माध्यम से राज्य व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
अंतरराष्ट्रीय मंच तक ओडिशा का नाम रोशन करें: मंत्री
मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि मैं आपको राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा का प्रतिनिधित्व करते हुए और आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय तथा विश्व मंच पर भारत की एक अलग पहचान बनाते हुए देखना चाहता हूं। यदि आप सुनील छेत्री, भाईचुंग भूटिया, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, रोनाल्डिन्हो और लियोनेल मेसी जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की तरह सफलता हासिल करते हैं, तो माननीय मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, ओडिशा के साढ़े चार करोड़ लोगों और खेल विभाग के सपने साकार होंगे। आपकी मेहनत ओडिशा को वैश्विक खेल मानचित्र पर स्थापित करेगी।
6 हजार से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी
मुख्यमंत्री ट्रॉफी-2025 के तहत राज्य के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से 6,000 से अधिक उभरते खिलाड़ियों और 284 टीमों ने भाग लिया। यह पहल अंडर-15 आयु वर्ग के बच्चों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें निखारने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जो देश के सबसे बड़े प्रतिभा खोज मंचों में से एक बन चुकी है।
285 से 65 उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन
प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में 285 प्रतिभाओं की पहचान की गई। इसके बाद शारीरिक और जैविक परीक्षण के माध्यम से 65 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिन्हें अब उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
फीफा अकादमी और खेल छात्रावासों में मिलेगा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के मार्गदर्शन में चयनित खिलाड़ियों को फीफा अकादमी, खेल छात्रावासों और संबलपुर फुटबॉल अकादमी में नामांकित किया जाएगा, जहां उन्हें पेशेवर और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रतिभा अनेक, लक्ष्य एक के साथ क्रांतिकारी पहल
मंत्री ने कहा कि “प्रतिभा अनेक, लक्ष्य एक” के मूल मंत्र पर आधारित यह क्रांतिकारी योजना आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
वर्चुअल माध्यम से मिला प्रोत्साहन
इस अवसर पर झारसुगुड़ा विधायक एवं ओडिशा फुटबॉल संघ के अध्यक्ष टंकधर त्रिपाठी वर्चुअल माध्यम से समारोह में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह की शुरुआत खेल एवं युवा सेवा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव सचिन रामचंद्र जाधव के स्वागत भाषण से हुई। कार्यक्रम में खेल निदेशक डॉ. येडुल्ला विजय और ओडिशा फुटबॉल संघ के सचिव अभिजीत पॉल सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
