Home / Odisha / झारसुगुड़ा में 73 साल पुराना ठंड का रिकॉर्ड तोड़ा
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

झारसुगुड़ा में 73 साल पुराना ठंड का रिकॉर्ड तोड़ा

  •     न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज

  •     जनवरी माह में अब तक का सबसे कम तापमान

  •     राजधानी भुवनेश्वर समेत पूरे राज्य में शीतलहर तेज

  •     रात के तापमान में और गिरावट की चेतावनी

भुवनेश्वर। ओडिशा में शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसी बीच झारसुगुड़ा ने जनवरी महीने में बीते 73 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मंगलवार को झारसुगुड़ा में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जनवरी माह में अब तक का सबसे कम तापमान बताया जा रहा है।

भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय आईएमडी केंद्र की प्रमुख मनोरमा मोहंती ने बताया कि इससे पहले झारसुगुड़ा में इतना कम तापमान वर्ष 1953 में दर्ज किया गया था। इतने लंबे अंतराल के बाद तापमान में आई इस गिरावट ने ठंड की गंभीरता को और बढ़ा दिया है।

राज्य में कहां कितना गिरा पारा

बुधवार को झारसुगुड़ा राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा केंदुझर में 9.2 डिग्री, बालेश्वर में 11.2 डिग्री, जबकि चांदबाली और पारादीप में 12.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

भुवनेश्वर में भी ठंड ने कंपकंपाया

राजधानी भुवनेश्वर में भी ठंड ने लोगों को कंपकंपा दिया। यहां न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले तीन दिनों की तुलना में 7.2 डिग्री की तेज गिरावट है। मंगलवार को भुवनेश्वर का तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन अचानक आई गिरावट से ठंड और तीखी हो गई।

आईएमडी की चेतावनी, ठंड और बढ़ेगी

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तर दिशा से लगातार शुष्क और ठंडी हवाओं का प्रवाह ओडिशा में जारी है, जिससे शीतलहर और तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में रात के तापमान में 1 से 1.5 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है।

पहाड़ी और तटीय इलाकों में भी असर

आईएमडी के मुताबिक, ठंड की स्थिति न केवल पहाड़ी क्षेत्रों बल्कि तटीय इलाकों में भी और गंभीर हो सकती है। इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में घने कोहरे की संभावना भी जताई गई है, जिससे सुबह और रात के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …