Home / Odisha / खोरधा रोड मंडल में लोको पायलटों के लिए तनाव प्रबंधन पर सुरक्षा संगोष्ठी आयोजित

खोरधा रोड मंडल में लोको पायलटों के लिए तनाव प्रबंधन पर सुरक्षा संगोष्ठी आयोजित

खोरधा रोड, पूर्व तट रेलवे के खोरधा रोड मंडल द्वारा आज लोको पायलटों (LP) एवं सहायक लोको पायलटों (ALP) के लिए तीन दिवसीय “तनाव प्रबंधन” सुरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य, तनाव नियंत्रण तथा पेशेवर दक्षता को बढ़ावा देकर सुरक्षित एवं सुचारू रेल परिचालन सुनिश्चित करना है।

संगोष्ठी में यह रेखांकित किया गया कि अनियमित एवं उच्च दबाव वाली ड्यूटी परिस्थितियों में कार्य करने वाले लोको पायलटों के लिए ड्यूटी के बाद शांत एवं सहयोगापूर्ण वातावरण अत्यंत आवश्यक है। रेलवे का मानना है कि घर पर मानसिक शांति और पर्याप्त विश्राम से ड्यूटी के दौरान सतर्कता और एकाग्रता बनी रहती है, जिससे परिचालन सुरक्षा सुदृढ़ होती है।

कार्यक्रम का उद्घाटन 5 जनवरी 2026 को श्री ललित कुमार मोहंती (सेवानिवृत्त आई आर एस) एवं श्रीमती संजुक्ता मोहंती, आर्ट ऑफ लिविंग प्रशिक्षिका द्वारा किया गया। उन्होंने मानसिक शांति, आत्म-अनुशासन तथा तनाव प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला।

संगोष्ठी के दौरान योग, ध्यान, शारीरिक व्यायाम, सकारात्मक सोच, वैज्ञानिक ड्यूटी शेड्यूलिंग, केबिन एर्गोनॉमिक्स में सुधार तथा काउंसलिंग जैसे उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, आधुनिक सुरक्षा प्रणाली कवच 4.0 तथा उससे संबंधित प्रशिक्षण की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई।

समापन सत्र के दौरान, अपर मंडल रेल प्रबंधक (अवसंरचना) श्री शुभ्र ज्योति मंडल ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए तनाव प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) श्री शुभजीत दास ने लोको पायलटों एवं सहायक लोको पायलटों के कार्य-दबाव तथा उसे प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के उपायों पर अपने विचार साझा किए। श्री अवनी कुमार महापात्र के नेतृत्व में वरिष्ठ पर्यवेक्षीकर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कुल 39 लोको रनिंग कर्मचारियों ने इस संगोष्ठी में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन संवादात्मक सत्र के साथ हुआ, जिसमें यह दोहराया गया कि तनावमुक्त मन और शांत वातावरण ही सुरक्षित रेल संचालन की आधारशिला है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …