-
विजिलेंस ने 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
-
भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे बड़ा अभियान
-
नौ महीने में 125 मामलों की जांच, अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा
भुवनेश्वर। ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में राज्य विजिलेंस विभाग ने नया इतिहास रच दिया है। बीते दो दशकों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए विभाग ने अपने अब तक के सबसे प्रभावी और व्यापक अभियान को अंजाम दिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के अनुरूप विजिलेंस विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
अप्रैल से दिसंबर 2025 के बीच नौ महीनों में राज्य सरकार ने विजिलेंस विभाग को कुल 125 मामलों की जांच के निर्देश दिए। यह संख्या अपने आप में एक रिकॉर्ड है और इससे पहले राज्य के इतिहास में इतने कम समय में इतनी बड़ी संख्या में जांच के आदेश कभी नहीं दिए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, यह उपलब्धि सरकार की पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन व्यवस्था के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
488 मामलों में फैसला, 108 में सजा
लोक सेवा भवन में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गई कि वर्ष 2025 में विजिलेंस विभाग ने कुल 488 मामलों में फैसला कराया। इनमें से 108 मामलों में आरोपियों को सजा सुनाई गई। यह आंकड़ा विभाग की सक्रियता और प्रभावी कार्रवाई को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
आय से अधिक संपत्ति मामलों में सबसे अधिक निपटान
वर्ष 2025 में विजिलेंस विभाग ने आय से अधिक संपत्ति के 173 मामलों में फैसला दिलाकर एक और रिकॉर्ड कायम किया। यह अब तक का सबसे अधिक निपटान है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख का प्रमाण माना जा रहा है।
भ्रष्टाचार मुक्त ओडिशा का संकल्प
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट कहा कि सरकार का लक्ष्य ओडिशा को पूरी तरह भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। उन्होंने विजिलेंस विभाग को निर्देश दिया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह सघन अभियान आने वाले दिनों में भी उसी गति और दृढ़ता के साथ जारी रखा जाए। राज्य सरकार और विजिलेंस विभाग की यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक इतिहास में मील का पत्थर है, बल्कि आम जनता के बीच भरोसे को भी मजबूत करती है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई अब केवल घोषणा नहीं, बल्कि ठोस परिणामों के साथ सामने आ रही है।
विजिलेंस अकादमी को मिला आईएसओ प्रमाणन
इधर, विभाग की कार्यप्रणाली और संस्थागत मानकों में सुधार के चलते राज्य विजिलेंस अकादमी को आईएसओ प्रमाणन भी प्रदान किया गया है। इससे ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ अब संस्थागत गुणवत्ता और पेशेवर मानकों को भी मजबूती मिल रही है। इसी दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में राज्य विजिलेंस अकादमी को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन प्रदान किया गया है। यह प्रमाणन अकादमी की प्रशिक्षण प्रक्रिया, प्रशासनिक दक्षता और गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने की सराहना
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस उपलब्धि के लिए राज्य विजिलेंस अकादमी और विजिलेंस विभाग की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता आधारित प्रशिक्षण और मजबूत संस्थागत ढांचा ही भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का आधार बनता है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह प्रमाणन विजिलेंस विभाग को और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने की प्रेरणा देगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
