-
अधिकारियों की प्रत्यक्ष देखरेख में उर्वरक वितरण कार्य सुचारु रूप से जारी
भुवनेश्वर। कलाहांडी जिले के कर्लामुंडा ब्लॉक में यूरिया की आपूर्ति को लेकर मिली सूचना के आधार पर उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव के निर्देश पर मुख्य जिला कृषि अधिकारी ने स्थल पर पहुंचकर वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान तहसीलदार कर्लामुंडा, ब्लॉक कृषि अधिकारी एवं सहायक कृषि अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों की प्रत्यक्ष देखरेख में उर्वरक वितरण कार्य सुचारु रूप से जारी है। कृषि विभाग द्वारा यह जानकारी दी गई।
मुख्य जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, मार्कफेड के माध्यम से 4 सितम्बर 2025 को कर्लामुंडा पैक्स को 30.42 मीट्रिक टन, रिसिडा पैक्स को 30.60 मीट्रिक टन और जोराडबरा पैक्स को 30.60 मीट्रिक टन, यानी कुल 91.62 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध कराया गया। उपस्थित किसानों की संख्या की तुलना में कर्लामुंडा ब्लॉक के तीनों पैक्स में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध है। सभी पैक्स का अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया और आश्वासन दिया कि आवश्यकता पड़ने पर अगले दो दिनों में और यूरिया आपूर्ति मार्कफेड के माध्यम से की जाएगी।
निरीक्षण में पाया गया कि वर्तमान में कालाहांडी जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक भंडार उपलब्ध है और आगामी दिनों में सरकार की ओर से अतिरिक्त यूरिया आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है।
जिला प्रशासन और कृषि विभाग के संयुक्त प्रयास से भवानीपटना, केसिंगा और जुनागढ़ ब्लॉक में काला बाजारी रोकने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। कल हुए अभियान में तीन पैक्स और 20 निजी उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण कर छह डीलरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जबकि केसिंगा ब्लॉक में एक डीलर की दुकान को जब्त कर लिया गया। प्रशासन ने किसानों से शांति बनाए रखते हुए यूरिया वितरण में सहयोग करने का अनुरोध किया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
