-
निर्विरोध चयन लगभग तय
भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मनमोहन सामल ने पार्टी के ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए औपचारिक रूप से नामांकन दाखिल किया है। यह नामांकन प्रक्रिया आज भुवनेश्वर स्थित भाजपा राज्य मुख्यालय में संपन्न हुई, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय पर्यवेक्षकों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सामल का निर्विरोध दोबारा चयन लगभग तय है, क्योंकि अध्यक्ष पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। ऐसे में अब उनका पुनर्निर्वाचन केवल एक औपचारिकता भर रह गया है। कल सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच नामांकन पत्रों की जांच के बाद आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया भी आज पूरी हुई, जिसकी देखरेख चुनाव अधिकारी प्रताप षाड़ंगी और राष्ट्रीय पर्यवेक्षक संजय जायसवाल ने की। नामांकन दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक स्वीकार किए गए। मनमोहन सामल के अलावा 32 नेताओं ने भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के लिए भी नामांकन दाखिल किया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
