-
पहली वर्षगांठ पर राज्य सरकार के कार्यों और उपलब्धियों पर चर्चा की
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार के पहले वर्ष की सफलता के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने लोकसेवा भवन स्थित कन्वेंशन सेंटर में राज्य के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता, बुद्धिजीवी और स्वयंसेवियों से संवाद कर राज्य सरकार के कार्यों और उपलब्धियों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि बीते एक वर्ष राज्य सरकार के लिए जनता से जुड़ने और वादों को निभाने का वर्ष रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी प्रत्येक योजना का मूल आधार जनता की प्रतिक्रिया है। इसी को हम विकास का मूलमंत्र मानते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बजट से लेकर हर सरकारी कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की गई है। सरकार अब नीतियों को जनता की राय और फीडबैक के आधार पर तैयार कर रही है।
21 महापुरुषों की प्रतिमाएं होंगी स्थापित
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के महान सपूतों को सम्मान देने और ओड़िया अस्मिता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने के लिए सरकार कई नई पहल कर रही है। आने वाले समय में 21 महापुरुषों की प्रतिमाएं विभिन्न स्थानों पर स्थापित की जाएंगी, जिनके जन्मस्थानों पर स्मृति संग्रहालय, व्याख्यान केंद्र और बच्चों के लिए उद्यान भी बनाए जाएंगे।
“संस्कृति से समृद्धि” का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि ओडिशा आज अपनी अस्मिता की रक्षा के लिए ठोस कदम उठा रहा है, जो मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता और इच्छाशक्ति का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संस्कृति विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तक “संस्कृति से समृद्धि” का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा, विधायक बाबू सिंह, सिद्धांत महापात्र समेत अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। मुख्य सचिव संजीव कुमार मिश्र ने स्वागत भाषण और संस्कृति निदेशक विजयकेतन उपाध्याय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
