-
मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आज भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से आबूधाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा का शुभारंभ किया। यह सेवा इंडिगो एयरलाइंस के माध्यम से शुरू की गई है, जो आबूधाबी तक चार घंटे में सीधी यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी।
यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी और एक बार में 180 यात्री यात्रा कर सकेंगे। इस सेवा से न केवल समय और लागत में बचत होगी, बल्कि विदेश में काम कर रहे ओडिशावासियों को भी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विशाखापट्टनम के लिए भी सीधी विमान सेवा का उद्घाटन किया। उन्होंने यात्रियों को खुद बोर्डिंग पास सौंपकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पहल केंद्र सरकार के सहयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार की “न्यू डेस्टिनेशन पॉलिसी” के तहत शुरू की गई है। इससे ओडिशा और मध्य-पूर्व देशों के बीच संपर्क और अधिक व्यापक होगा, जिससे व्यापार, पर्यटन, निवेश और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
इस नई सेवा के माध्यम से आज 50 टन आम्रपाली आमों का निर्यात भी किया गया, जो राज्य के कृषि और निर्यात क्षमताओं का परिचायक है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सड़क, रेल और अब हवाई मार्गों पर भी संपर्क बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध है। भुवनेश्वर से देहरादून, गाजियाबाद, गोवा, इंदौर, कोच्चि, लखनऊ और पोर्टब्लेयर के लिए उड़ानें शुरू की गई हैं, वहीं झारसुगुड़ा से हैदराबाद, लखनऊ, मुंबई और रायपुर के लिए भी हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal

