-
मुख्यमंत्री मोहन माझी बोले — “विकसित ओडिशा हमारा संकल्प”
भुवनेश्वर। ओडिशा को एक विकसित राज्य बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्य सरकार ने 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नींव रखी जा चुकी है और अब योजनाओं के क्रियान्वयन की गति तेज़ कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा सपना है — विकसित ओडिशा। यह सपना केवल सरकार का नहीं, बल्कि 4.5 करोड़ ओड़िया जनता का सपना है। हम सब मिलकर इसे साकार करेंगे।
विकास का स्पष्ट रोडमैप
मुख्यमंत्री माझी ने बताया कि सरकार ने आने वाले वर्षों के लिए स्पष्ट आर्थिक रोडमैप तैयार किया है, जिसमें निवेश, औद्योगिक विकास, कृषि आधुनिकीकरण, सेवा क्षेत्र का विस्तार और पर्यटन व हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नवाचार प्रमुख स्तंभ होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य को औद्योगिक केंद्र और नॉलेज हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और संपन्नता घर-घर तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री ने हाल में शुरू की गई ‘उत्कर्ष ओडिशा’ पहल की सफलता को भी उल्लेखित किया।
जनभागीदारी से ही विकसित ओडिशा संभव
मुख्यमंत्री माझी ने जोर देकर कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह एक सांझा संकल्प है। किसान, महिला, युवा, उद्योगपति, व्यापारी, शिक्षक — हर वर्ग की भूमिका इसमें अहम है। यह सिर्फ आंकड़ा नहीं, ओडिशा की नई पहचान बनेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
