Home / Odisha / पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रधान का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन

पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रधान का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन

  •  पुरी के स्वर्गद्वार में हुआ अंतिम संस्कार

पुरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेन्द्र प्रधान का अंतिम संस्कार मंगलवार को ओडिशा के पुरी के स्वर्गद्वार में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर मौजूद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और अन्य गणमान्य लोगों ने प्रधान को श्रद्धांजलि दी। प्रधान का सोमवार सुबह उम्र संबंधी जटिलताओं के कारण निधन हो गया था। वह 84 वर्ष के थे।
प्रधान का पुरी में स्वर्गद्वार में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।’ प्रधान के बड़े बेटे सौमेंद्र ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी और ओडिशा पुलिस ने दिवंगत नेता को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। देवेन्द्र के छोटे बेटे एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी वहां मौजूद थे। स्वर्गद्वार में ‘डॉ. देवेन्द्र प्रधान अमर रहें’ के नारे गूंज उठे।
पुरी के सांसद संबित पात्र, योग गुरु बाबा रामदेव, ओडिशा के कई मंत्री और केंद्र तथा राज्य के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अंतिम संस्कार में शामिल हुए। देवेन्द्र प्रधान अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे थे और भाजपा की ओडिशा इकाई के तीन बार अध्यक्ष रहे। वह 2001-2002 में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहे। प्रधान ने नयी दिल्ली में अपने बेटे के तीन मूर्ति लेन स्थित सरकारी आवास पर अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी बसंत मंजरी प्रधान और दो बेटे हैं।
ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, पूर्व मंत्री विजय महापात्र और पूर्व विधायक सौम्य रंजन पटनायक समेत कई अन्य नेताओं ने ओडिशा के चंद्रशेखरपुर स्थित प्रधान के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि हजारों लोग यहां उनके अंतिम दर्शन के लिए एकत्र हुए। डॉ प्रधान ने राज्य में भाजपा के लिए बहुत कुछ किया है। भाजपा ने आज ओडिशा में सरकार बनाई है और प्रधान जी ने शुरुआती दिनों में इसकी नींव रखी थी। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति मिले।
Share this news

About desk

Check Also

राज्यपाल ने ईवी अपनाने और हरित पहल को बढ़ावा देने का आह्वान किया

  पर्यावरण की सुरक्षा और नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *