Home / Odisha / पश्चिमी ओडिशा की मौसम निगरानी होगी मजबूत

पश्चिमी ओडिशा की मौसम निगरानी होगी मजबूत

  •     संबलपुर में डॉप्लर मौसम रडार स्टेशन का उद्घाटन

  •     मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने वर्चुअल माध्यम से किया उद्घाटन

  •     करीब 10 से 12 जिलों को मिलेगा सीधा लाभ

संबलपुर। ओडिशा में मौसम की सटीक निगरानी और आपदा प्रबंधन की क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने संबलपुर के जमादारपाली में अत्याधुनिक डॉप्लर मौसम रडार स्टेशन का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह, ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, राज्यसभा सांसद मनमोहन सामल, स्थानीय विधायक जयनारायण मिश्र, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र और ओएसडीएमए के प्रबंध निदेशक राजेश प्रभाकर पाटिल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह रडार स्टेशन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ओएसडीएमए) के संयुक्त प्रयास से स्थापित किया गया है। इससे पश्चिमी और आंतरिक ओडिशा में मौसम की निगरानी को नई मजबूती मिलेगी।

अब तक पारादीप और गोपालपुर स्थित रडार मुख्य रूप से तटीय क्षेत्रों की मौसम गतिविधियों पर निगरानी रखते थे। संबलपुर में नए रडार की स्थापना से राज्य के पश्चिमी और आंतरिक हिस्सों में मौसम प्रणालियों की अधिक सटीक और समयबद्ध निगरानी संभव होगी।

अत्याधुनिक रडार के माध्यम से गरज-चमक, भारी बारिश, ओलावृष्टि, तेज आंधी, स्क्वॉल लाइन, निम्न दबाव के क्षेत्र और चक्रवात जैसी मौसमी गतिविधियों की निगरानी की जा सकेगी। इससे मौसम संबंधी चेतावनी पहले जारी करने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

हीराकुद बांध और झारसुगुड़ा एयरपोर्ट को भी मिलेगा लाभ

संबलपुर के नए रडार से करीब 10 से 12 जिलों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है। इनमें संबलपुर, बौध, झारसुगुड़ा, बरगढ़, नुआपड़ा, बलांगीर और कंधमाल सहित पश्चिमी एवं आंतरिक ओडिशा के अन्य जिले शामिल हैं।

रडार से मिलने वाली सटीक मौसम संबंधी जानकारी हीराकुद बांध के जलाशय की सुरक्षा और जल प्रबंधन में भी उपयोगी साबित होगी। इसके अलावा मौसम की बेहतर निगरानी से झारसुगुड़ा एयरपोर्ट पर विमान संचालन और नेविगेशन की सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सात साल तक अधूरा रहा प्रोजेक्ट, अब हुआ पूरा

संबलपुर रडार स्टेशन की योजना करीब एक दशक पहले बनाई गई थी। वर्ष 2015-16 में जमादारपाली में इसके लिए जमीन चिह्नित की गई थी, लेकिन विभिन्न प्रशासनिक अड़चनों के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। करीब सात वर्षों तक परियोजना अधूरी पड़ी रही और निर्मित भवन लंबे समय तक उपयोग में नहीं आ सका।

बाद में परियोजना को दोबारा गति दी गई और निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब अत्याधुनिक डॉप्लर मौसम रडार को औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है। इसके चालू होने से पश्चिमी ओडिशा में मौसम पूर्वानुमान और आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को महत्वपूर्ण मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा से स्वावलंबन: ओडिशा की महिलाएं लिख रही हैं बदलाव की नई कहानी

लेखिका: श्रीमती प्रभाती परिडा, उपमुख्यमंत्री, ओडिशा एक समय था जब महिलाओं के सपने घर की …