-
40 विमान, 25 युद्धपोत भाग लेंगे, पहली बार ओडिशा में ऐसा आयोजन
भुवनेश्वर। ओडिशा में पुरी के ‘ब्लू फ्लैग’ तट पर चार दिसंबर को होने वाले भारतीय नौसेना के शक्ति प्रदर्शन अभियान में ‘मिग-29के’ और हल्के लड़ाकू विमान सहित 40 विमान और 25 युद्धपोत भाग लेंगे। वे नौसेना की समुद्री ताकत और अभियानगत क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इस कार्यक्रम में परेड भी होगी और इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल रघुबर दास, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और भारतीय नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। शनिवार को यहां एक उच्च स्तरीय बैठक में ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कार्यक्रम का आयोजन सुचारू तरीके से हो तथा राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और नौसेना के बीच सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। यह पहली बार होगा, जब भारतीय नौसेना ओडिशा में इस तरह का आयोजन करेगी जिससे आम लोगों को अत्याधुनिक युद्धपोतों और विमानों के साथ-साथ कमांडो के प्रदर्शन देखने का एक अनूठा अवसर मिलेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
