-
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
-
राष्ट्रीय सम्मान के साथ होगा स्वर्गीय डे का अंतिम संस्कार
भुवनेश्वर। ओडिशा के पूर्व मंत्री समीर डे के निधन पर ओडिशा के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गयी है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत विभिन्न नेताओं ने गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
एक शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय समीर डे एक लोकप्रिय जन नेता और मजबूत संगठनकर्ता थे। उच्च शिक्षा और नगर विकास मंत्री के रूप में उन्होंने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनका मिलनसार व्यक्तित्व उन्हें सभी वर्गों के लोगों के बीच प्रिय बनाता था।
उन्होंने कहा कि कटक शहर और पूरे ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मजबूत करने में उनका अहम योगदान था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय डे का अंतिम संस्कार राष्ट्रीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय डे की आत्मा की शांति की कामना करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
हाल ही में बालियात्रा के दौरान कटक जाते समय मुख्यमंत्री ने समीर डे से एक निजी अस्पताल में भेंट कर हालचाल जाना था।
इधर, प्रधान ने शोक संदेश में कहा कि दादा (समीर डे) के निधन से मैं अत्यंत दुखी और हताश हूं। दादा एक सच्चे जनप्रिय और परोपकारी व्यक्ति थे। उनसे हमेशा मिलने के दौरान उनके परिवार के सदस्यों से जो स्नेह और आदर मिला, वह कभी नहीं भुलाया जा सकेगा।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की प्रारंभिक उन्नति के दौरान समीर डे ने ओडिशा के तटीय क्षेत्र में पार्टी के राष्ट्रवादी विचारों को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भाजपा के लिए आज जो भी सेवा कार्य हो रहे हैं, उसमें उनका योगदान अतुलनीय था। दादा के निधन से ओडिशा ने एक स्नेही और सक्षम नेता को खो दिया है। वह एक सांसद के रूप में जो उत्कृष्ट कार्य किए, वे हमेशा याद किए जाएंगे।
धर्मेंद्र प्रधान ने समीर डे की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
