-
बीजद ने मरांडी दंपति को टिकट दिया, तो भाजपा ने सिंहदेव दंपति को बनाया उम्मीदवार
भुवनेश्वर। सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए आदिवासी बहुल मयूरभंज जिले से मरांडी दंपति को उम्मीदवार बनाया है और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिमी ओडिशा के बलांगीर जिले से सिंहदेव दंपति को मैदान में उतारा है।
बीजद ने ओडिशा के राजस्व मंत्री सुदाम मरांडी को मयूरभंज लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है और उनकी पत्नी रंजीता मरांडी को बांगिरिपोसि विधानसभा सीट से टिकट दिया है। रंजीता ने बीजद के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए दो माह पहले सरकारी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। सुदाम मरांडी ओडिशा विधानसभा के लिए पांच बार और लोकसभा के लिए एक बार चुने जा चुके हैं। बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने सोमवार को मरांडी की पत्नी रंजीता को बांगिरिपोशी विधानसभा सीट से टिकट दिया। वर्तमान में इस सीट का प्रतिनिधित्व उनके पति कर रहे हैं।
बीजद अध्यक्ष ने उम्मीदवारों को टिकट देते समय ‘एक परिवार में एक टिकट देने’ की नीति अपनाई है, लेकिन मरांडी दंपति को इससे छूट दी गई। पार्टी के एक नेता ने बताया कि उन्हें कुछ राजनीतिक मजबूरी के तहत टिकट दिया गया है।
ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए बीजद की कुल 168 टिकटों (विधानसभा के लिए 147 और लोकसभा के लिए 21) के लिए लगभग 10,000 उम्मीदवारों ने इच्छा जताई थी।
विपक्षी भाजपा ने बलांगीर जिले से सिंहदेव दंपति को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने बलांगीर से निवर्तमान सांसद संगीता कुमारी सिंहदेव को फिर से प्रत्याशी बनाया है जबकि उनके पति एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता केवी सिंहदेव को पाटनागढ़ विधानसभा सीट से टिकट दिया है। संगीता पहले भी चार बार बलांगीर लोकसभा सीट पर जीत दर्ज कर चुकी हैं। सिंहदेव बलांगीर शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने किसी भी दंपति को टिकट नहीं दिया है, लेकिन पार्टी ने एक पिता तथा पुत्र और एक पिता तथा पुत्री को मैदान में उतारा है।
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता भक्त चरण दास को कांग्रेस ने नरला विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है, तो उनके बेटे सागर को भवानीपाटना विधानसभा सीट से टिकट दिया है। कांग्रेस ने भुजबल माझी को नवरंगपुर लोकसभा सीट से और उनकी बेटी डॉ लिपिका माझी को दाबुगाम विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
