-
दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहने का आरोप
फुलबाणी। कंधमाल जिले में कल रविवार को घरेलू कलह के कारण एक गर्भवती महिला की उसके पति ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी।
यह घटना कंधमाल के टिकाबली थाना अंतर्गत तेंतुलिगड़ा गांव में हुई। पुलिस ने बताया कि मृतक रेशमा कहंर आठ महीने की गर्भवती थी। पुलिस ने घटना के संबंध में पूछताछ के लिए रेशमा के पति ईश्वर कहंर को हिरासत में लिया है।
बताया गया है कि चाकपड़ा प्रखंड अंतर्गत शंकरखोला पंचायत के गोकुल कहंर की बेटी रेशमा की शादी करीब एक साल पहले ईश्वर के साथ हुई थी। आरोप लगाया गया है कि ईश्वर रेशमा को दहेज के लिए बराबर प्रताड़ित कर रहा था। दंपति के बीच कल कुछ मुद्दों पर बहस हो गई। सूत्रों ने बताया कि गुस्से में आकर ईश्वर ने रेशमा की गला दबाकर हत्या कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इस संबंध में मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
