-
2024 में ओडिशा में सरकार बनायेगी भाजपा
भुवनेश्वर। उत्तर प्रदेश की तर्ज पर ओडिशा में नवीन पटनायक का किला ढहेगा तथा भारतीय जनता पार्टी आगामी 2024 के आम चुनाव के बाद ओडिशा में सरकार बनायेगी। पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी तथा राज्यसभा सांसद विजय पाल सिंह तोमर ने पत्रकारों के सवालों के उत्तर में ये बातें कहीं।
विजय पाल सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा हमेशा से चुनाव के लिए तैयार रहती है। केन्द्रीय पदाधिकारियों की बैठक में जो निर्णय लिया जाता है, उसे राज्य व जिले स्तर तक पहुंचाना और उसका क्रियान्वयन करना होता है। राज्य के प्रत्येक मतदान केन्द्र से 50 प्रतिशत वोट हासिल करने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार की जाएगी।
बीजू जनता दल के गढ़ को धराशायी कैसे किया जा सकेगा, इस संबंधी सवाल के उत्तर में उन्होंने कहा कि इसमें असंभव जैसी कोई बात नहीं है। उत्तर प्रदेश इसका उदाहरण है। समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी ने 15 साल तक उत्तर प्रदेश में शासन किया। एक समय ऐसा लग रहा था कि उन्हें पराजित नहीं किया जा सकता, लेकिन भाजपा ने इसे करके दिखाया। इसलिए यदि पार्टी व नेता तय करते हैं कि ओडिशा में सरकार बनाना है तो निश्चित रुप से भाजपा की सरकार राज्य में बनेगी।
2024 आम चुनाव के लिए भाजपा का मंथन शुरु
2024 के आम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। ओडिशा के लिए यह चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा के लिए चुनाव निर्धारित है। पार्टी की तैयारियां का जायजा लेने तथा पार्टी की रणनीति को धार देने के लिए पार्टी संगठन के आला नेता भुवनेश्वर पहुंचे हैं।
इस खबर को भी पढ़ेंः-ओडिशा में कोरोना को लेकर अस्पताल अलर्ट पर
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, पार्टी के महामंत्री तथा क्षेत्रीय प्रभारी सुनील बंसल तथा पार्टी के सह प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर ने शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विभिन्न सांगठनिक बैठक दिनभर की। पार्टी के पदाधिकारियों के साथ साथ प्रभारियों तथा प्रवक्ताओं के साथ भी इन नेताओं ने बैठक की। पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने पार्टी द्वारा प्रदेश में किये गये सांगठनिक कार्यों की जानकारी ली तथा आगामी चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति व कार्य के बारे में पदाधिकारियों को अवगत कराया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
