-
भारत के आध्यात्मिक पर्यटन के मानचित्र में जोरंडा होगा प्रमुख स्थल – मुख्यमंत्री
-
112 करोड़ की राशि होगी खर्च, तीन साल में परियोजना पूरी होगी
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को ओडिशा के प्रसिद्ध ढेंकानाल जिले के जोरंडा स्थित महिमा संप्रदाय की उपासना पीठ में वती मंडप निर्माण, ऊव्य महिमा गद्दी, शून्य मंडप निर्माण, महिमा गद्दी के चारों ओर उन्नतिकरण कार्य का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में पटनायक ने कहा कि ओडिशा देव भूमि व पुण्य भूमि है। महिमा संप्रदाय ने जोरंडा की मिट्टी को पवित्र किया है तथा इसे भारत के आध्यात्मिक नक्शे पर एक विशेष स्थान प्रदान किया है। इस पावन धरती पर आकर मैं अत्यंत प्रसन्न हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिमा संप्रदाय पूरे विश्व को एक परिवार के रुप में स्वीकार करता है। महिमा संप्रदाय सरल जीवन, समानता व जगत कल्याण में विश्वास करता है। महिमा संप्रदाय के महान संत भीम भोई का संदेश हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
इस धार्मिक पीठ का विकास करने के लिए 112 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। शीघ्र ही इसका कार्य प्रारंभ होगा तथा तीन सालों के अंदर यह समाप्त होगा। इससे ढेंकानाल जिले को एक नया परिचय़ मिलेगा।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक तथा राज्य के इस्पात, खनिज व लोक निर्माण मंत्री प्रफुल्ल मलिक, सांसद महेश साहू, विधायक सुधीर सामल, नृसिंह चरण साहू, सीमा राणी नायक व अन्य नेता उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
