भुवनेश्वर। छत्तीसगढ़ में हुए लैंडमाइन विस्फोट में ओड़िया जवान प्रकाश सियल शहीद हो गये हैं। वे बालेश्वर जिले के बाहनागां प्रखंड के गोपालपुर गांव के निवासी थे। प्रकाश कोबरा बटालियन में कार्यरत थे। कल सुकमा जिले में चुनाव ड्यूटी में जाते समय वे माओवादियों द्वारा बिछायी गयी लैंडनाइन की चपेट में आ गये थे। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन चिकित्सा के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके भाई सुभाष चंद्र सियल ने यह जानकारी दी। यह खबर मिलते ही उनके गांव व आस पास के गांवों में शोक व्याप्त है।
मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि लैंडमाइन विस्फोट में सीमा सुरक्षा बल में कार्यरत ओडिशा के जवान प्रकाश चंद्र के वीर गति प्राप्त होने की समाचार सुनकर दुःखी हूं। देश सेवा के लिए उनका त्याग व बलिदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। उनकी अमर आत्मा की सद्गति की कामना करने के साथ-साथ शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
इस खबर को भी पढ़ें-कृपाजल महाविद्यालय को NAAC A+ ग्रेडिंग की मान्यता
धर्मेन्द्र प्रधान ने जताया शोक
केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने भी इस मामले में शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि छत्तीसगढ़ में माओवादियों के लैंडमाइन विस्फोट में बीएसएफ के कार्यरत जवान प्रकाश चंद्र के बलिदान होने की घटना से दुखी हूं। देश के लिए उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उनकी अमर आत्मा की सद्गति की कामना करने के साथ-साथ शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
