-
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना
-
कहा-राज्य में दूरसंचार घनत्व के बारे में लोगों से झूठ बोलना बंद करना चाहिए
भुवनेश्वर। केंद्रीय संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्ष को राज्य में दूरसंचार घनत्व के बारे में ओडिशा के लोगों से झूठ बोलना बंद करना चाहिए।
भुवनेश्वर में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा कि जहां तक दूरसंचार का सवाल है, ओडिशा कहीं बेहतर स्थिति में है। इसलिए जो लोग केंद्र के बारे में लगातार झूठ बोल रहे हैं, उन्हें ऐसा करना बंद कर देना चाहिए।
वैष्णव ने कहा कि ओडिशा में 2014 में केवल 7500 मोबाइल टावर थे। अब 2023 में यह संख्या बढ़कर 26,512 हो गई है। जो लोग प्रेस कॉन्फ्रेंस में झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें ऐसा करने से बचना चाहिए, क्योंकि ओडिशा के लोग अपने आस-पास होने वाले सभी कार्यों से काफी परिचित हैं।
2.2 करोड़ लोगों के पास ब्रॉडबैंड
वैष्णव ने कहा कि साल 2014 में केवल 6 लाख लोगों के पास ब्रॉडबैंड इंटरनेट तक पहुंच थी। अब 2023 में राज्य में कुल 2.2 करोड़ लोगों के पास ब्रॉडबैंड है। इसी तरह, ओडिशा में केवल 40,756 किमी फाइबर ऑप्टिक केबल नेटवर्क था। अब इसके पास 1.37 लाख किमी लंबी फाइबर ऑप्टिक केबल हैं जो उपभोक्ताओं को इंटरनेट सिग्नल भेजती हैं।
टॉवर के लिए शीघ्र जमीन दे राज्य सरकार
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा में 5333 अतिरिक्त मोबाइल टावर लगाने के लिए 5,600 करोड़ रुपये दिए हैं। मैंने राज्य सरकार से शीघ्र जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि टावर जल्दी लगें उन्होंने आगे कहा कि राजनीति राष्ट्र के प्रति समर्पित होनी चाहिए, आत्मकेंद्रित नहीं होनी चाहिए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
