-
इंडिगो एयरलाइंस ने शेड्यूल भुवनेश्वर हवाई अड्डे को सौंपा
भुवनेश्वर। इंडिगो एयरलाइंस पांच जून से भुवनेश्वर से सिंगापुर और बैंकॉक के लिए बहुप्रतीक्षित सीधी उड़ान सेवा शुरू करेगी। हालांकि एयरलाइन ने बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए सिंगापुर और बैंकॉक के लिए द्वि-साप्ताहिक सेवाओं का शेड्यूल तैयार कर लिया है। भुवनेश्वर हवाई अड्डा के निदेशक ने भी इसकी पुष्टि की है कि उन्हें इंडिगो से शेड्यूल मिल गया है और सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक लॉजिस्टिक सहायता प्रदान की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि भुवनेश्वर 15 मई को सीधे हवाई मार्ग से दुबई से जुड़ा था, जिसमें इंडिगो का एयरबस-320 सप्ताह में तीन बार शहर से संचालित होता है। बताया जाता है कि दुबई, सिंगापुर और बैंकॉक के लिए इन उड़ानों से ओडिशा में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के प्रवेश द्वार खुलने की उम्मीद है।
पिछले साल, ओडिशा कैबिनेट ने राज्य सरकार से कोटेशन के अनुरोध के बाद दुबई, सिंगापुर और बैंकॉक के लिए सीधी उड़ानें संचालित करने के लिए इंडिगो एयरलाइंस की बोली को मंजूरी दी थी।
भुवनेश्वर से सप्ताह में तीन बार 186 सीटर उड़ान का संचालन किया जाएगा और उड़ान संचालन पर आने वाले खर्च का वहन राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा। इसके बदले में टिकटिंग के माध्यम से उत्पन्न राजस्व राज्य सरकार द्वारा रखा जाएगा। सरकार ने इन उड़ानों को संचालित करने में मदद के लिए 120 करोड़ रुपये निर्धारित किया है और एक साल के भीतर ब्रेक-ईवन तक पहुंचने की उम्मीद है।
एयर एशिया ने दिसंबर 2018 में बैंकॉक के लिए उड़ान सेवा शुरू की थी, लेकिन बिना कोई कारण बताए इसे एक साल बाद निलंबित कर दिया गया था।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
