-
कटक जिले के महिसानंद में तनाव को लेकर पुलिस बल तैनात
कटक। ओडिशा में कटक जिले के चौद्वार थानांतर्गत महिसानंद में एक दोस्ताना किक्रेट मैच में नो बॉल घोषित करने पर एक अंपायर की हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान उसी मोहल्ले के रहने वाले लकी राउत (22) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि लकी राउत एक क्रिकेट मैच में अंपायरिंग कर रहा था और एक गेंद को नो बॉल घोषित कर दिया, जिससे विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि क्षेत्ररक्षण करने वाली टीम के कुछ खिलाड़ियों ने राउत पर अपने फैसले के लिए बल्ले से हमला किया और बाद में उन्हें चाकू से वार कर दिया। राउत को गंभीर हालत में एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने अंतिम सांस ली। इस बीच घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाने से पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जांच शुरू की।
इधर, इस घटना को लेकर इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस को घेर लिया। हालांकि घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया। उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस दल तैनात किया गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
