-
ओडिशा में 10 दिनों तक देख सकते हैं नग्न आंखों से
भुवनेश्वर। एक दुर्लभ खगोलीय घटना में सौर मंडल के दो चमकीले ग्रह बृहस्पति और शुक्र बेहद करीब आ गए हैं और उन्हें अगले 10 दिनों तक नग्न आंखों से देखा जा सकता है।
इसे लेकर भुवनेश्वर में पठानी सामंत तारामंडल के अधिकारियों ने विस्तृत व्यवस्था की है, ताकि खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले छात्र और लोग इस दुर्लभ घटना की यादें सहेज सकें।
पठानी सामंत तारामंडल के उप निदेशक डॉ सुभेंदु पटनायक ने बताया कि शुक्र और बृहस्पति ग्रह करीब आ गए हैं। ओडिशा के किसी भी हिस्से में लोग उन्हें पश्चिमी आकाश में देख सकते हैं। ऐसी दुर्लभ खगोलीय घटना दो से तीन साल के अंतराल में एक बार होती है। यह एक निश्चित चक्र है। आज शुक्र ग्रह की स्थिति बृहस्पति ग्रह के नीचे है। कल स्थिति बदलेगी और वे अपने स्थानों में परिवर्तन करेंगे। इन दोनों ग्रहों को आने वाले 10 दिनों तक नंग्न आंखों से देखा जा सकता है।
तारामंडल के सूत्रों ने कहा कि सौर मंडल की इस दुर्लभ घटना को देखने के लिए आगंतुकों के लिए तारामंडल में व्यवस्था की गई है। शाम 6.15 बजे से एक घंटे के लिए तारामंडल में टेलीस्कोप की सुविधा दी गई है। इस दौरान पर्यटक टेलिस्कोप के जरिए तारों को निहार सकते हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
