-
भाजपा विधायक ने दी डाक्टरों के पद न भरने पर आमरण अनशन की धमकी
-
पांच हजार डाक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है – स्वास्थ्य मंत्री
भुवनेश्वर। राज्य के विभिन्न चिकित्सालयों में आवश्यक संख्या में बेड न होने व डाक्टर न होने को लेकर विधानसभा में विधायकों ने चिंता व्यक्त की। प्रश्नकाल में इस संबंधी एक प्रश्न के चर्चा के दौरान विधायकों ने इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार को घेरा। उधर, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निरंजन पुजारी ने कहा कि विभिन्न अस्पतालों में बेड बढ़ाया जा रहा है तथा आगामी दिनों में पांच हजार डाक्टरों की नियुक्ति करने की प्रक्रिया चल रही है।
प्रश्नकाल में विधायक मोहन माझी द्वारा पूछे गये मूल प्रश्न पर चर्चा के दौरान राइरंगपुर से विधायक नव चरण माझी ने कहा कि राइरंगपुर सबडिविजन अस्पताल में कुल 37 मंजूरी प्राप्त डाक्टरों की पदवी है, लेकिन केवल 6 डाक्टर ही काम कर रहे हैं। अनेक विभाग में डाक्टर नहीं हैं। ऐसे में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री, स्वास्थ सचिव, जिलाधिकारी व जिला चिकित्सा अधिकारी को लिखित में अवगत करा चुके हैं। यदि दस दिनों के अंदर रिक्त पदों को नहीं भरा गया तो वह आमरण अनशन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
इसके उत्तर में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आगामी दिनों में दो चरणों में पांच हजार डाक्टरों की नियुक्ति करने जा रही है। तब राइरंगपुर मेडिकल के लिए डाक्टर प्राथमिकता के आधार पर दिया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
