-
हरकत कैमरे में कैद हो गई और तस्वीरें अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल
केंदुझर। पशु प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। केंदुझर जिले के घाटगांव वन रेंज में एक रॉयल बंगाल टाइगर देखा गया। इसकी हरकत कैमरे में कैद हो गई और तस्वीरें अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही हैं। माना जा रहा है कि यह करीब 3-4 साल का है। आशंका जताई जा रही है कि बाघ सिमिलिपाल से करंजिया होते हुए घाटगांव पहुंचा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सिमिलिपाल वापस जाते समय बाघ की गतिविधि को कैमरे में कैद कर लिया गया।
इसकी सुरक्षा के लिए वन विभाग को सतर्क कर दिया गया है और जंगल में इसकी आवाजाही पर नजर रखने के लिए कई टीमों को तैनात किया गया है। पीसीसीएफ ने रायल बंगाल टाइगर की आवाजाही पर नजर रखने के लिए वन विभाग को और सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया है।
हालांकि यह पहली बार नहीं है, जब रायल बंगाल टाइगर को इस क्षेत्र में देखा गया है। इस क्षेत्र में अक्सर यह घूमते नजर आते हैं। बताया जाता है कि रायल बंगाल टाइगर अक्सर सिमिलिपाल से सतकोसिया तक घूमता रहता है और घर वापस आ जाता है। सूत्रों ने कहा कि 3-4 साल का बाघ अब अपना क्षेत्र बना रहा है। हालांकि घाटगांव क्षेत्र के स्थानीय ग्रामीणों को कोई खतरा नहीं है, क्योंकि वन विभाग लगातार बाघ की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। पीसीसीएफ सुशील कुमार पोपली ने कहा कि हम ग्रामीणों को सतर्क करेंगे और उन्हें सुरक्षित रखेंगे। उन्होंने कहा कि वन विभाग ने बाघों की सुरक्षा के लिए इसे एक मिशन के रूप में लिया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
