-
राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला फूंका
-
नवीन पटनायक से इस्तीफे की मांग
भुवनेश्वर। भाजपा युवा मोर्चा ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में आज भुवनेश्वर के बरमुंडा में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का पुतला फूंका।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में चरमराती कानून व्यवस्था के खिलाफ राज्य भर में विरोध और प्रदर्शन कर रही है। इस जारी विरोध के तहत भुवनेश्वर जिला भाजपा युवा मोर्चा ने आज एक रैली निकाली और बरमुंडा में प्रदर्शन किया।
बाद में युवा मोर्चा के आक्रोशित सदस्यों ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में चल रहे विरोध को और तेज किया जाएगा।
भाजपा की भुवनेश्वर जिला इकाई के अध्यक्ष बाबू सिंह ने कहा कि राज्य ने परी से लेकर नव किशोर दास हत्याकांड तक कई घटनाओं को देखा है। यहां तक कि राजधानी की महिलाएं भी अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। समाज का हर वर्ग असुरक्षा की स्थिति में है। इसका विरोध करते हुए भुवनेश्वर जिला भाजपा युवा मोर्चा ने आज सड़क पर उतर कर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। मुख्यमंत्री के इस्तीफा देने तक हमारा ऐसा विरोध जारी रहेगा।
इसके जवाब में बीजू जनता दल (बीजद) ने कहा कि भाजपा जो कुछ भी कर रही है वह राजनीति से प्रेरित है। बीजद नेता देवी प्रसाद मिश्र ने कहा कि मैं किसी के साथ तुलना नहीं कर रहा हूं, लेकिन उन्हें अपनी पार्टी के शासन वाले राज्यों में अपराध की स्थिति पर विचार करना चाहिए। अपराधों की संख्या बढ़ रही है। अपराध का दायरा भी बढ़ रहा है। इसे रोकना हमारा परम कर्तव्य है। उन्हें सुझाव लेकर आना चाहिए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
